ग्वालियर : क्यों सिंधिया ने आधी रात में कंट्रोल कमांड सेंटर में की आपातकालीन बैठक? कमलनाथ को बताया हवाई नेता 

मध्यप्रदेश/ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर चंबल संभाग में आई बाढ़ के बाद अब बयानबाज़ी का दौर तेज हो गया हैं। जहां एक तरफ भाजपा इन हालातों के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहरा रही है तो वही दूसरी तरफ कांग्रेस, सत्ताधारी भाजपा पर हमलावर हैं। हालही में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ग्वालियर-चंबल संभाग के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इन हालातों के लिए शिवराज सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया। वहीं,  इन सबके बीच ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री और भाजपा ने वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आधी रात में कंट्रोल कमांड सेंटर में आपातकालीन बैठक की। इस बैठक में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, उर्जामंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर, कमिश्नर और कलेक्टर मौजूद थे। 

बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ के हालातों की जानकारी ली और राहत के लिए मंथन किया। सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने विस्तृत दौरा किया है, रात के दो-तीन बजे तक स्थिति पर नियंत्रण रखते, मेरे संपर्क में भी रहे। मैं प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री को ध्यानवाद देता हूं, तीनों ने मेरा हर कॉल पर केंद्र सरकार के साधन जनता के लिए उपलब्ध कराए। सरकार ने एयरफोर्स के हैलिकॉप्टर, एनडीआरएफ और सेना उपलब्ध कराई। साथ ही सिंधिया ने कहा कि प्रशासन ने भी सराहनीय काम किया है। जनता की प्रशासनिक और व्यक्तिगत क्षति के लिए प्रदेश और केंद्र सरकार की मदद से सहायता की जाएगी, उनकी क्षति की भरपाई करेंगे। 

इस दौरान सिंधिया ने पीसीसी चीफ कमलनाथ के द्वारा झूठों की सरकार और बाढ़ से प्रभावित लोगों को मुआवजा देने के सवाल पर भी निशाना साधा। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कमलनाथ को हवाई नेता करार दे दिया। उन्‍होंने कहा कि जिन लोगों ने अपनी 15 महीने की सरकार में अपने अलावा कभी भी प्रदेश की जनता के बारे में नहीं सोचा, वो आज फरमान लगाने के लिए पहुंच गए है। वो भी पैर जमीन पर नहीं बल्कि केवल हवाई दौरा। जनता की सेवा हवा से नहीं की जाती है, जमीन से की जाती हैं। 

Exit mobile version