ग्वालियर: सामाजिक संगठन की जिलाध्यक्ष के साथ उसके जेठ ने की छेड़छाड़, आरोपी जेठ धमकाकर भाग गया

ग्वालियर:
ग्वालियर के थाटीपुर के गल्ला कोठार में अपने ही जेठ द्वारा छेड़छाड़  किये जाने का मामला सामने आया है। एक जाति विशेष सामाजिक संगठन की जिलाध्यक्ष के साथ उसके ही ससुराल में जेठ ने बुरी नीयत से हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की है। खुद को बचाने के लिए महिला ने शोर मचाया। अन्य परिजन व पड़ोसी एकत्रित हुए तो आरोपी जेठ धमकाकर भाग गया। 

समाज सेविका है महिला 
पीड़िता समाज की पिछड़ी महिलाओं को आगे बढ़ाने, उन पर अत्याचार के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ रही है। महिला एक सामाजिक संगठन की जिलाध्यक्ष है, छेड़छाड़ के बाद वह अपने संगठन की अन्य महिला पदाधिकारियों के साथ थाटीपुर थाने पहुंची है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके जेठ पर छेड़छाड़ व धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है।

यह है पूरी घटना
महिला शहर के गल्ला कोठार थाटीपुर निवासी 31 वर्षीय समाज सेविका हैं। अभी वर्तमान में वह प्रदेश स्तर के एक संगठन की जिलाध्यक्ष है। जिस संगठन की वह जिलाध्यक्ष है उस संगठन का साल 2018 में ग्वालियर-चंबल में हुई जातिगत हिंसा में काफी नाम उछला था। महिला के पति का देहांत हो चुका है। यह महिला कुछ समय से मायके में रहकर सामाजिक विकास के लिए कार्य कर रही है। बुधवार को वह गल्ला कोठार अपने ससुराल में पहुंची। वह अपने कमरे में थी तभी उसके चचिया ससुर का बड़ा बेटा जो रिश्ते में उसका जेठ लगता है उसके रूम में आ गया। उसने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ा और छेड़छाड़ करने लगा। इस पर महिला ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। भीड़ जुटी तो आरोपी भाग गया। घटना के बाद महिला ने अपने संगठन की अन्य महिला कार्यकर्ताओं को बुला लिया। तत्काल थाटीपुर थाने पहुंची और मामले की शिकायत की है। महिला के साथ में उसके ससुराल के सभी लोग खड़े थे। थाटीपुर थाना पुलिस ने बिना देर किए तत्काल इस मामले में आरोपी जेठ के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करा दिया है।

पुलिस का कहना
इस मामले में थाटीपुर थाना प्रभारी आरबीएस विमल ने बताया कि महिला से उसके रिश्ते में जेठ लगने वाले युवक ने छेड़छाड़ की है। पीड़ित महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जल्द आरोपी पकड़ लिया जाएगा।

Exit mobile version