सरकार की बड़ी तैयारियां, रोड एक्सीडेंट में जान बचाने वाले को मिलेंगे 5 हजार रुपए, जानिए पूरी खबर…. 

भोपाल/निशा चौकसे:- प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे को लेकर सरकार ने एक स्कीम लागू करने का फैसला लिया है. दरअसल, दुर्घटनाओं और होने वाली मौतों में कमी करने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुड सेमेरिटन स्कीम लागू कर दी है. इस स्कीम के तहत जो भी शख्स सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाएगा, उसे 5 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा. केंद्र सरकार भी जान बचाने वाले 10 लोगों या गुड सेमेरिटन को 1-1 लाख का पुरस्कार देगी. 

ये निर्देश हुए हैं जारी 
केंद्र सरकार ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं. मध्य प्रदेश में  योजना शुक्रवार से लागू कर दी गई. जानकारी के मुताबिक, जान बचाने वाला शख्स या गुड सेमेरिटन जब सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को सीधा अस्पताल ले जाता है, तो उस व्यक्ति के बारे में डॉक्टर स्थानीय पुलिस को सूचना देंगे. योजना के संबंध में सभी जिलों के एसपी को जानकारी और निर्देश दे दिए गए हैं. पुलिस उस गुड सेमेरिटन का पता, घटना की पूरी जानकारी और मोबाइल नंबर अधिकृत लैटरपैड पर गुड सेमेरिटन और जिला अप्रेजल कमेटी को भेजेगी. इसके लिए निर्धारित प्रारूप तैयार किया गया है. इन मामलों का परीक्षण भी किया जाएगा. इस परीक्षण के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी बनेगी. इस कमेटी में एसपी, सीएमएचओ व जिला परिवहन अधिकारी सदस्य होंगे.

केंद्र सरकार कि तरफ से मिलेगा यह पुरस्कार 
ये कमेटी प्रकरणों की समीक्षा करेगी और अवॉर्ड देने का फैसला लेगी. इसकी सूची राज्य परिवहन आयुक्त को भेजी जाएगी. राज्य परिवहन आयुक्त सीधे गुड सेमेरिटन के बैंक खाते में प्रोत्साहन राशि जमा करा देंगे. इसके साथ ही केंद्र सरकार की तरफ से भी जान बचाने वाले 10 लोगों को  1-1 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा. योजना के मुताबिक परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय इसके लिए सभी राज्यों से तीन-तीन उत्कृष्ट प्रकरण मंगवाएगा और उनका परीक्षण करेगा.

Exit mobile version