
मध्यप्रदेश/खरगोन – प्रदेश में लॉक डाउन के दौरान घरों से बाहर सड़कों पर निकलने वाले लोगों से पुलिस सख्ती से पेश आ रही हैं। कई जगहों से पिटाई के मामले भी सामने आए हैं। हालही में एक घटना खरगोन से सामने आई हैं। जहां पुलिस की पिटाई से युवक की मौत का आरोप परिजनों ने लगाया हैं।
अब इस मामले ने प्रदेश में तूल पकड़ लिया हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने शिवराज सरकार का घेराव भी शुरू कर दिया हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर बड़ा हमला बोला हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए सीएम शिवराज पर करारा निशाना साधा हैं।
कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए लिखा की – खरगोन ज़िले की महेश्वर तहसील के आदिवासी भाई टीबु मेड़ा की आज सुबह राशन खरीदने निकलने पर पुलिस की पिटाई से मौत काआरोप उनके परिजनो ने लगाया हैं। यह बेहद दुःखद घटना हैं। शिवराज सरकार आते ही प्रदेश में आदिवासियों भाइयों पर दमन की घटनाएँ प्रारंभ हो गयी हैं।ऐसी घटनाएँ क़तई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। शिवराज सरकार तत्काल इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जाँच करवाये और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही करें।
गौरतलब है कि देश समेत प्रदेश में इस समय लॉक डाउन की स्तिथि बनी हुई हैं। बढ़ते हुए कोरोना के कहर को देखते हुए पीएम मोदी ने देशभर में 21 दिनों के लॉक डाउन का ऐलान किया था। लॉक डाउन के दौरान किसी को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं हैं। साथ ही पुलिस भी लोगों को इस लॉक डाउन का सख्ती से पालन करवा रही हैं।