भारतीय मौसम विभाग ने बताया PoK, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के मौसम का हाल, कहा- यह हिस्सा भारत का है

- भारत ने पाकिस्तान को साफ-साफ समझा दिया है कि गिलगित-बाल्टिस्तान उसका अभिन्न अंग है
नई दिल्ली।
अभी कुछ दिनों पहले ही गिलगित-बाल्टिस्तान में चुनाव कराने की अनुमति देने वाले पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ भारत ने पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज करवाया है। भारत की तरफ से कहा गया कि पाकिस्तान के पास जबरन अधिकृत किसी क्षेत्र के दर्जे में बदलाव करने की कार्रवाई का कोई कानूनी आधार नहीं है। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान को साफ-साफ समझा दिया है कि गिलगित-बाल्टिस्तान उसका अभिन्न अंग है। जिसके बाद अब भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department- IMD) ने बड़ा कदम उठाते हुए अब जम्मू-कश्मीर के साथ ही PoK (पाक अधिकृत कश्मीर), गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के मौसम का हाल भी बताना शुरू कर दिया है।
IMD की ओर से अपने बुलेटिन में गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद को जगह देना बड़ा अहम है। IMD के डायरेक्टर-जनरल मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि 'IMD पूरे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए वेदर बुलेटिन जारी करता रहा है। हम बुलेटिन में गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद का जिक्र इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वह भारत का हिस्सा है।' उन्होंने कहा, 'लंबे समय से आईएमडी पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल आदि के लिए गंभीर मौसम पूवार्नुमान जारी कर रहा है। हम अपने राष्ट्रीय बुलेटिन में इस जानकारी का उल्लेख करते थे। पिछले दो दिनों से हमने अपने क्षेत्रीय बुलेटिन में भी इस जानकारी का उल्लेख करना शुरू कर दिया है।' एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मौसम विभाग के अधिकारियों ने इस बदलाव की पुष्टि की है। लद्दाख अलग राज्य बन गया है, इसलिए वहां के मौसम का हाल अलग से बताया जा रहा है।


.jpeg)

