
भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच बारिश की वजह से ड्रॉ हो गया था, लेकिन इसके बाद सीरीज में बढ़त बनाने के लिए अब लार्ड्स में दोनों टीमें आमने-सामने हैं। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच दोनों देशों के बीच खेला जा रहा है। दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम ने केएल राहुल की शतकीय पारी के दम पर 364 रन बनाए।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने तीन विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए थे। भारत के पास पहली पारी के आधार पर 245 रन की बढ़त है। कप्तान जो रूट 49 जबकि जॉनी बेयरस्टो 6 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।
इंग्लैंड की पहली पारी, तीन विकेट गिरे
इंग्लैंड की टीम को पहला झटका भारतीय तेज गेंदबाज मो. सिराज ने दिया। सिराज ने सिब्ली को 11 रन के स्कोर पर केएल राहुल के हाथों कैच आउट करवा दिया। सिराज ने हसीब हमीद को शून्य पर आउट कर दिया और भारत को दूसरी सफलता दिलाई। सिराज ने हसीब को शून्य पर पगबाधा आउट किया। रोरी बर्न्स के रूप में इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा और वो अपना अर्धशतक पूरा करने से एक रन से चूक गए। उन्हें शमी ने पगबाधा आउट किया।