
मध्यप्रदेश/भोपाल : बीते कई दिनों से मध्यप्रदेश में नकली रेमडेसीवीर के साथ कई जिलों में हो रही कालाबाज़ारी का मसला सुर्खियां बटोर रहा हैं। कोरोना संकट के बीच लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने सरकार की आफत को बढ़ा दिया हैं। लेकिन अब सरकार इसको लेकर सख्त होती नज़र आ रहीं हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह स्पष्ट कह चुके है कि ऐसे नर पशुओं को सरकार बिल्कुल भी नहीं बख्शेगी। ना केवल एनएसए बल्कि उनकी संपत्तियों को राजसात करने का फैसला सरकार ले चुकी हैं। ऐसे लोग इंसानियत के दुश्मन हैं।
वहीं, इन सबके बीच प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का भी बड़ा बयान सामने आया हैं। अब सरकार इन ड्रग माफिया पर नकेल कसने के लिए उम्र कैद की सजा दिलाने का प्रावधान कर रही हैं।
खुद प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसका ऐलान किया
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अभी नकली दवा बेचने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही हैं। लेकिन जल्द इसे खाद्य अपमिश्रण अधिनियम के अंतर्गत भी लाया जाएगा। खाद्य अपमिश्रण अधिनियम में इस तरह का कृत्य करने वालों के खिलाफ आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए विधि विभाग को मसौदा भेजा जा रहा हैं। विभाग से अंतिम रूप दिए जाने के बाद इसे कानून में शामिल कर लिया जाएगा।
इतना ही नहीं मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा ऐसे लोगों के खिलाफ न केवल सख्त कार्रवाई की जाएगी बल्कि इनकी संपत्ति भी जब्त कर माफिया को नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा।