धार – 5 जून से लोक सेवा केंद्र संचालन की अनुमति

धार से मनीष आमले की रिपोर्ट – संपूर्ण देश में Novel Coronavirus Disease के फैलते संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने धार जिला अंतर्गत संचालित समस्त लोक सेवा केन्द्रों का संचालन बंद किया गया था। लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से आम-जन को प्राप्त होने वाली सेवाओं को दृष्टिगत रखते हुए उन्होने मानक संचालन प्रक्रिया (Standard Operating Procedure) निर्धारित करते हुए 5 जून से लोक सेवा केन्द्र संचालन की अनुमति सशर्त प्रदान की है।

लोक सेवा केन्द्र पर सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन किया जाए, जोकि सबसे आवश्यक है। आगामी दो-तीन माह में भीड व आवेदन की संख्या भी अधिक होती है, इस हेतु एक काउंटर पर टोकन की व्यवस्था की जाए जिसमें टोकन नम्बर, समय एवं काउंटर क्रमांक का उल्लेख हो। इसके अतिरिक्त केन्द्र पर उपस्थित लोगो के भीड नियंत्रण हेतु सर्किल मार्क किये जाए तथा आवेदन काउंटर के सामने रेलिंग/रस्सी आदि का उपयोग कर 1 मीटर की दूरी सुनिश्चित करें। उक्त व्यवस्था के साथ-साथ डिजिटल थर्मल स्केनर टोकन वितरण के समय आवेदक की जांच हेतु रखना अनिवार्य है। सभी लोक सेवा केन्द्रों एवं उपकरणों को साफ एवं स्वच्छ रखा जाए, एवं स्टाफ सम्पूर्ण समय मास्क पहन कर ही कार्य करें। प्रतिदिन सार्वजनिक संपर्क में आने वाली सतह को भी सेनेटाईजर के माध्यम से disinfect करें, इस हेतु स्पेयर व आवश्यक Disinfectant Liquid की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

लोक सेवा केन्द्र पर उपस्थित आवेदक को भी मास्क पहनना अनिवार्य है, ऐसा न करने पर संबंधित व्यक्ति को मास्क पहन कर पुनः आने पर ही सेवा का लाभ प्रदान किया जाए। लोक सेवा केन्द्रों पर सचिव, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, जिला धार एवं लोक स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर जारी एडवाईजरी को आमजन हेतु केन्द्र के बाहर चस्पा करें। इस संक्रमण के बचाव व लोक स्वास्थ्य की दृष्टि से सभी संचालक/मेनेजर ऑपरेटर द्वारा उपरोक्तानुसार समस्त निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिष्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही व निर्देशों की अवहेलना की दशा में नियमानुसार अर्थदण्ड अधिरोपित किया जाएगा व वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Exit mobile version