
- उत्तर पूर्वी हिस्से में अलग अलग जगहों पर हिंसा को देखते हुए नोएडा में रेड अलर्ट जारी
- मौजपुर, बाबरपुर, जाफराबाद, गोकुलपुरी, बृजपुरी समेत कई इलाकों में पुलिस RRF तैनात
- सोमवार देर रात से ही नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर अवरोधक लगे
नई दिल्ली : आयुषी जैन : CAA के विरोध को लेकर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में आज सुबह भी हिंसा व पत्थरबाजी की घटनाएं घटित हुई. जिसमें मौजपुर, बाबरपुर, जाफराबाद, गोकुलपुरी, बृजपुरी समेत कई इलाकों में पुलिस व रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की तैनाती की गई है.
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर दिल्ली के उत्तर पूर्वी हिस्से में अलग अलग जगहों पर हिंसा को देखते हुए नोएडा में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है. पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) संकल्प शर्मा ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली- नोएडा सीमा पर पुलिस सघन जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात से ही नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर अवरोधक लगा दिए गए हैं, वाहनों की जांच जारी है और पुलिस के आला अधिकारी रात से ही स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.
पुलिस उपायुक्त शर्मा ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण है लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है. डीसीपी ने बताया कि गुप्तचर एजेंसियों को भी सतर्क किया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है.
गाजियाबाद पुलिस और प्रशासन ने दिल्ली से सटे इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है. गाजियाबाद जिला अधिकारी ने बताया कि पूरे जिले को 18 जोन और 56 सेक्टरों में बांटा गया है. हर जोन में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. इसके अलावा पुलिस भी लगाई गई है. गाजियाबाद के जिलाधिकारी एसएसपी समेत तमाम अधिकारी बॉर्डर से लगे इलाके में लगातार गश्त कर रहे हैं. इसके अलावा पीएससी और बाकी फोर्स भी लगाया गया है. मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार ने भी बॉर्डर इलाके का जायजा लिया है.
लगातार हो रही वारदात को देखकर बोले CM केजरीवाल
आप विधायकों के साथ बैठक के बाद सीएम केजरीवाल ने कहा बाहरी इलाकों से लोग आ रहे हैं बॉर्डर को सील किया जाना चाहिए हिंसा किसी समस्या का हल नहीं दिल्ली के लोग शांति बनाए रखें.