दमोह ; अपने घर के बाहर बैठकर बेटी के साथ चाय पी रहे , पिता की तीन नकाबपोशों ने गोली मारकर हत्या कर दी

अपने घर के बाहर बैठकर बेटी के साथ चाय पी रहे एक पिता की तीन नकाबपोशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी के बाजार क्षेत्र की है।
दमोह से शंकर दुबे की रिपोर्ट : – जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण अपराधियों की हौसले इतने बुलंद है की वह दिनदहाड़े किसी भी वारदात को अंजाम देने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला देहात थाना के नरसिंहगढ़ चौकी का है। यहां आज दोपहर अपने घर के बाहर बैठे एक अधेड़ पर तीन नकाबपोश लोगों ने गोली चला दी। बताया जाता है कि बाजार मोहल्ला में रहने वाले 56 वर्षीय परम पुत्र बीरबल रजक अपनी बेटी जानकी के साथ घर के बाहर बैठकर चाय पी रहे थे। उसी दौरान एक बाइक पर तीन नकाबपोश आए और उनमें से एक व्यक्ति ने धड़ाधड़ फायर कर दिए। आसपास के लोग गोलियों की आवाज और बेटी की चीख-पुकार सुनकर तुरंत दौड़कर आए। आरोपी पकड़े जाते इसके पूर्व ही भाग खड़े हुए। वहीं घायल को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां उसकी उपचार के पूर्व ही मौत हो गई। उधर घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस अस्पताल एवं नरसिंहगढ़ पहुंच गई। इस घटना से क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। घटना क्यों हुई इसका कारण फिलहाल ज्ञात नहीं हो सका है।
लगातार बिगड़ते हालात : –
दमोह जिले में लाइन आर्डर की स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती ही जा रही है। लगातार बढ़ रहे अपराधों के कारण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके बाद भी पुलिस पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है। एक न्यायाधीश पुलिस पर पहले ही गंभीर आरोप लगा चुके हैं। पूरे जिले में चोरी, लूट, चाकूबाजी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। 




