
मध्यप्रदेश/दमोह : दमोह में हुए उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी राहुल लोधी को मिली हार के बाद से पार्टी में उठा सियासी घमासान थम नहीं रहा हैं। पार्टी द्वारा पूर्व मंत्री जयंत मलैया को कारण बताओं नोटिस भेजने के बाद अब उनके समर्थन में कई नेता उतर आए है, और पार्टी के इस फ़ैसले का कड़ा विरोध करते हुए अपनी ही सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
दरअसल, राहुल लोधी के आरोपों के बाद पार्टी ने उप चुनाव में हार के लिए जिम्मेदार मानते हुए दमोह के कई नेताओं को नोटिस दिए। पार्टी ने को भी कारण बताओ नोटिस भेजा वहीं उनके बेटे सिद्धार्थ मलैया की सदस्यता भी समाप्त कर दी।
अब पार्टी के इस फ़ैसले का विरोध करते हुए और जयंत मलैया के बचाव में पूर्व मंत्री कुसुम महदेले का बड़ा बयान सामने आया हैं। उन्होंने अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए अपनी ही सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पूर्व मंत्री कुसुम महदेले ने ट्वीट करते हुए लिखा की – मलैया जी और सिद्दार्थ पर आरोप प्रत्यारोप कतई उचित नहीं हैं। उपचुनाव करवाना भी उचित नहीं था।”
उन्होंने आगे लिखा की – अब भाजपा के पास वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, अवमानना करने और उनकी निष्ठा पर असत्य लांछन लगाना भी शुरू हो गया हैं। जयन्त मलैया जी को कारण बताओ नोटिस और सिध्दार्थ की सदस्यता समाप्त करना दुर्भाग्यपूर्ण है।”
इतना ही नहीं उन्होंने आगे पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बयान का समर्थन करते हुए ट्वीट किया – “अजय विश्नोई जी दमोह उपचुनाव के लिए आपने सही टिप्पणी की है।”
मालूम हो कि पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने सरकार से सवाल करते हुए ट्वीट किया था – “चुनाव में हार की जबावदारी क्या टिकिट बांटने वाले और चुनाव प्रभारी भी लेंगे?”
गौरतलब है कि दमोह उपचुनाव में मिली हार के बाद वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री जयंत मलैया को पार्टी द्वारा नोटिस दिये जाने के बाद से भारतीय जनता पार्टी (BJP) में सियासी घमासान मचा हुआ हैं। पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ रहीं हैं।