सभी खबरें

दमोह : कर्मचारियों से बोली BSP MLA रामबाई, 1 हजार तक की रिश्वत लेने में कोई बुराई नहीं, चल रहा है "अंधेर नगरी चौपट राजा"

  • अपने बयान को लेकर फिर सुर्खियों में पथरिया से बसपा विधायक रामबाई
  • कर्मचारियों को समझाया भ्रष्टाचार का गणित, कहा 
  • हमें पता है कि सब कुछ ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ चल रहा है

दमोह : बीते कुछ दिन पहले मध्यप्रदेश के दमोह जिले के सतऊआ गांव के लोग रोजगार सहायक निरंजन तिवारी और सचिव नारायण चौबे की शिकायत लेकर पथरिया से बसपा विधायक रामबाई के पास पहुंचे थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के नाम पर दोनों हजारों रुपए वसूल रहे हैं। ग्रामीणों ने विधायक के सामने ही सहायक और सचिव पर वसूली के आरोप लगाए। किसी ने 5 हजार, किसी ने 8 हजार से लेकर 10 हजार रुपए तक लेने की बात कही। 

वहीं, ग्रामीणों की इस शिकायत पर बसपा विधायक रामबाई ने कार्रवाई करने के बजाय पंचायत के आरोपी कर्मचारियों को भ्रष्टाचार का गणित समझा दिया। दरअसल, ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक रविवार शाम सतऊआ पहुंचीं जहां उन्होंने जन चौपाल लगाई। इसमें रोजगार सहायक और सचिव को भी बुलाया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आटे में नमक बराबर रिश्वत चलती है, एक हजार रुपए तक की रिश्वत लेने में कोई बुराई नहीं है। उन्होंने कहा कि हजार-पांच सौ की घूस लेना समझ में आता है, लेकिन 10 हजार लेना गलत है। हमें पता है कि सब कुछ ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ चल रहा है, लेकिन इतना भ्रष्टाचार ठीक नहीं। 

बसपा विधायक रामबाई ने रोजगार सहायक से कहा कि यदि तुम्हारी बात की जाए तो तुम्हारे घर में तो एक लाख रुपए से ज्यादा का बाथरूम ही बना होगा और तुम यहां गरीब से घूस ले रहे हो। अरे सवा लाख में तो गरीब अपना पूरा घर बना रहे है। इसके बाद भी यदि आप उनसे 5 से 10 हजार लेंगे तो शर्म आनी चाहिए। 

बता दे कि विधायक रामबाई के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेज़ी के साथ वायरल हुआ है। वहीं, ये पहला मौका नहीं है जब मध्यप्रदेश के पथरिया से बसपा विधायक रामबाई सुर्खियां बटोर रहीं हो, इससे पहले भी कई बार वो अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुकी है।   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button