भोपाल के टीटी नगर थाने में मना अपराधी का बर्थडे, VIDEO हुआ वायरल 

भोपाल /स्वाति वाणी:-
भोपाल के टीटी नगर थाने में थाना प्रभारी (TI) की मौजूदगी में इलाके के कुख्यात बदमाश का केक काटा गया, इस मामले में TI  शैलेंद्र शर्मा को लाइन अटैच कर दिया गया है। इस घटना का वीडियो सामने आया जिसमे थाना प्रभारी अपने हाथों से बदमाश को केक खिलाते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इस पर हंगामा हो गया है।

वीडियो में TT नगर TI लकी के केक काटने के दौरान ताली बजाते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद उसे केक भी खिलाया। उसे जन्मदिन की बधाई दी। TI शर्मा कहना है कि लकी पर अपराध दर्ज होने की उन्हें जानकारी नहीं थी।

DJ बजाने को लेकर हुआ था विवाद
बताया जा रहा है की दो दिन पहले बदमाश गोविंद उर्फ लक्की कुशवाहा का जन्मदिन था। इस दौरान देर रात DJ बजाकर जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसकी शिकायत थाने में की गई तो टीटी नगर के TI शैलेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और डीजे बंद करने को कहा इसके बाद TI की भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार से देर रात DJ न बजाने को लेकर बहस हो गई। इस पर पवार ने TI को थाने से हटाने की मांग करते हुए पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाया था। मामला गरमाने पर दोनों पक्ष इसे मैनेज करने में जुट गए। नतीजा ये रहा कि राजनीतिक दबाव में आकर TI ने पवार के आपराधिक प्रवृत्ति के दोस्त गोविंदा उर्फ लकी से थाने में ही केक कटवा दिया। 

बदमाश के खिलाफ 307 से लेकर अड़ीबाजी तक के मामले दर्ज 
बता दें कि जिस बदमाश का थाने में केक कटा, उसके खिलाफ 307 से लेकर अड़ीबाजी तक के मामले दर्ज हैं। लक्की कुशवाहा के तीन अन्य साथी इशान उपाध्याय, हेमंत ठाकुर, भवानी भी केक कटने के दौरान वहां मौजूद थे, उनके खिलाफ भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी के इस कृत्य को अपराधियों को शह देने के तौर पर देखा जा रहा है। TI शर्मा का कहना है कि पवार दो दिन पहले हुई बहस को खत्म करने के लिए खुद ही केक लेकर आए, इसलिए उन्होंने केक काटने की सहमति दे दी। पवार के साथियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी उन्हें नहीं थी। 

TI को लाइन अटैच कर दिया गया 
वीडियो वायरल होने के बाद थाने में अपराधी के जन्मदिन का केक कटने का मामला जैसे ही सामने आया, इस पर विवाद शुरू हो गया है। पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने TI शैलेंद्र शर्मा के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए थे। वीडियो वायरल होने के बाद TI शैलेंद्र शर्मा को लाइन अटैच कर दिया गया है।

Exit mobile version