जबलपुर की आठों सीट जीतेगी कांग्रेस, प्रियंका गांधी नर्मदा पूजन से करेगी शंखनाद

जबलपुर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस अब अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत करने जा रही है। 12 जून कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी जबलपुर में नर्मदा पूजन से चुनावी शंखनाद करेंगी। प्रियंका गांधी मां नर्मदा की पूजा करके कांग्रेस के लिए जीत का आशीर्वाद मांगेगी, साथ ही आम सभा को भी संबोधित करेंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। हम 150 से ज्यादा सीटें जीतकर दिखा देंगे कि झूठे वादों से ज्यादा काम की सरकार जरूरी है। 12 जून को प्रियंका गांधी जबलपुर में नर्मदा पूजन से चुनावी शंखनाद करेंगी। पिछले चुनावों में राहुल गांधी
ने भी नर्मदा पूजन के साथ चुनाव प्रचार का शंखनाद किया था तो हम 2 से 4 सीटें जीते थे, इस बार हम जबलपुर की 8 विधानसभा सीटें जीतेंगे। ये बात शनिवार को पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायकों ने कही।
पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया ने कहा हम वादों से ज्यादा काम पर विश्वास करते हैं। 15 महीने की कमलनाथ सरकार के काम आज भी जनता जानती है। लोग धोखे से बनाई सरकार को तवज्जो नहीं देते। आगामी चुनावों में हम पूरे प्रदेश में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएंगे। हमारा लक्ष्य 150 से ज्यादा सीटें जीतने का है। पूर्व वित्त मंत्री और विधायक तरुण भनोत, विधायक विनय सक्सेना, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन ने प्रियंका गांधी के आगमन की तैयारियों व आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।




