सभी खबरें

पार्टी से नाराज़ चल रहे कांग्रेस अध्‍यक्ष ने दिया इस्तीफा, कुछ घंटे बाद लिया वापस….किया था राजनीति से संन्यास का ऐलान  

त्रिपुरा : पंजाब और असम के बाद अब त्रिपुरा कांग्रेस में भी कुछ ठीक नहीं चल रहा है। यहां कार्यवाहक अध्‍यक्ष पीयूष कांति बिस्‍वास ने पहले अपने पद से इस्‍तीफा दिया, साथ ही उन्होंने राजनीति से सन्‍यास लेने का भी ऐलान किया। हालांकि, इस ऐलान के कुछ देर बाद ही अपना इस्तीफा वापस ले लिया। 

बता दे कि पीयूष कांति बिस्वास ने ट्वीट करते हुए अपने इस्तीफे की जानकारी दी थी, उन्होंने लिखा था कि ' टीपीसीसी कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए मैं सभी कांग्रेस नेताओं, समर्थकों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। मैंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है और राजनीति से भी संन्यास ले लिया है। मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभारी हूं।''

लेकिन बाद में उन्होंने अपना फैसला बदलते हुए इस्तीफा वापस ले लिया। कहा जा रहा है कि उन्हें आश्वासन मिला है कि उनकी शिकायतों पर गौर किया जाएगा। पीयूष कांति बिस्वास ने बताया कि कांग्रेस के त्रिपुरा प्रभारी, अजय कुमार ने बात की और भरोसा दिया कि जल्द ही समस्याओं को सुलझाने के लिए वह उनसे मुलाकात करेंगे। अगर वह उन्हें कुछ निदान कर पाते हैं, तो इस पद पर बने रहने में कोई समस्या नहीं है।”

इधर, पीयूष बिस्वास के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद त्रिपुरा कांग्रेस में हड़कंप मच गया। कांग्रेस के त्रिपुरा प्रभारी, अजय कुमार ने तत्काल उनसे बात की और सभी मुद्दों को हल करने का भरोसा दिया। अजय कुमार ने अपनी ओर से एक बयान में कहा कि बिस्वास द्वारा उठाए गए मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल किया जाएगा। अजय कुमार ने आगे कहा कि वह 29 अगस्त को उनसे मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि इन दिनों कांग्रेस में कुछ ठीक नहीं चल रहा है, आए दिन नेताओं के इस्तीफा मीडिया में सुर्खियां बटोर रहे है। इसी बीच पीयूष कांति का कांग्रेस से इस्‍तीफा देना पार्टी के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा था। वहीं, चर्चाएं ये भी है कि वे जल्‍द तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव TMC में शामिल हो गई थीं।

बता दे कि बिस्वास को दिसंबर 2019 में कांग्रेस के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button