
दिल्ली:- प्रशांत किशोर जब मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे तो देश की राजनीति में हलचल मच गई। बैठक में प्रियंका गांधी और पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत मौजूद थे। इस मुलाकात को लेकर कहा ये गया कि मामला पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू और CM कैप्टन अमरिंदर के बीच चल रहे झगड़े का है। पर अब सामने आ रहा है कि प्रशांत किशोर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस की प्लानिंग है कि प्रशांत किशोर नेशनल लेवल पर उनके लिए अहम रोल निभाएं।
इस मुलाकात में राहुल और प्रियंका ही नहीं, बल्कि सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। ये मीटिंग पंजाब के झगड़े या उत्तर प्रदेश और पंजाब में अगले साल होने वाले चुनावों को लेकर नहीं, बल्कि 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर थी। कांग्रेस ने इस मीटिंग में कुछ बड़ा प्लान किया है। पार्टी लोकसभा चुनावों में प्रशांत किशोर का बड़ा रोल चाहती है ताकि PK इस निर्णायक लड़ाई के लिए कांग्रेस को तैयार कर सकें। इस मुलाकात को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि अभी वो जो कर रहे हैं, आगे नहीं करना चाहते हैं। वो ये जगह छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वो अपने जीवन में एक ब्रेक लेना चाहते हैं और कुछ अलग करना चाहते हैं।
अब प्रशांत किशोर अमरिंदर के मुख्य सलाहकार हैं और वो भी महज एक रुपए की सैलरी पर। अगले साल पंजाब के चुनाव भी हैं। ऐसे में पंजाब में उनकी मौजूदगी कांग्रेस के लिए बड़ी राहत की बात है, लेकिन चुनाव से पहले सिद्धू और अमरिंदर का टकराव मुश्किल खड़ी कर सकता है। ऐसे में इसे तुरंत सुलझाया जाना जरूरी है और इसके लिए प्रशांत किशोर से बेहतर कोई नहीं।
प्रियंका गांधी भी यूपी चुनावों को लेकर एक्टिव हो चुकी हैं। उन्होंने सोमवार को ही यूपी के कांग्रेस नेताओं से एक अहम बैठक की है। इस बीच गांधी परिवार से मुलाकात से एक बार फिर अटकलें तेज हो गई हैं कि यूपी चुनाव में प्रशांत किशोर का रोल बड़ा हो सकता है और यह भी संभव है कि इसे ध्यान में रखते हुए ही कांग्रेस अपना गेम प्लान तैयार कर रही हो।