CAA Live: लखनऊ में पुलिस की कार्रवाई, महिलाओं के कंबल किये जब्त, पुरुषों को भगाया, मची अफरा तफरी

लखनऊ – नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ लखनऊ के घंटाघर में आज भी मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन जारी हैं। इस प्रदर्शन में महिलाओं के अलावा छोटे छोटे बच्चे और बच्चियां भी शामिल हैं। महिलाओं के हाथ में सीएए और एनआरसी के विरोध की तख्तियां हैं। बता दे कि शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे प्रदर्शन में अब माहौल बिगड़ने लगा हैं।
जानकारी के अनुसार इस प्रदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई की हैं। जिसके बाद वहां अफरा तफरी का माहौल मच गया हैं। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनस्थल के चारों तरफ पुलिस गश्त कर रही हैं। इसके अलावा प्रदर्शनकारी महिलाओं के पास से खाने-पीने के सामान सहित कंबल भी जब्त कर लिया हैं। वहीं, प्रदर्शनकारी पुरुषों को पुलिस भगा रही हैं। खबरों के अनुसार घंटाघर में भारी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया हैं।
पुलिस की इस करवाई के बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं के साथ पुलिस की जुबानी जंग भी चल रही हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि पुलिस आंदोलन को रोकने की कोशिश कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि पुलिस ने उनके सामान जब्त कर लिए और टेंट-खाने का सामान नहीं पहुंचने दिया।
गौरतलब है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से हटने की अपील की, हालांकि जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस एक्शन में आ गई। और वहां आंदोलन से जुड़े सामान हटाए जाने लगे, जिसका विरोध हुआ, लेकिन पुलिस नहीं रूकी।