
दमोह : कोरोना काल में रेलवे ने तमाम गाड़ियां बंद कर दी थीं। अब इन्हें धीरे-धीरे शुरू किया जा रहा है। रेलवे ने इस इलाके को भोपाल से जोड़ने वाली राजरानी एक्सप्रेस को शुरू नहीं किया था, जिसके बाद इसे चालू करने की मांग उठ रही थी। शनिवार से जब एक बार फिर दमोह भोपाल राजरानी एक्सप्रेस शुरू हुई तो दमोह जिले के पथरिया से बीएसपी की विधायक रामबाई देर रात अपने समर्थकों के साथ ट्रेन का स्वागत करने पहुंची थीं।
इसी दौरान वहां कुछ ऐसा घटा की इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, रामबाई दमह-भोपाल राजरानी एक्सप्रेस का स्वागत करने अपने समर्थकों के साथ देर राक स्टेशन पहुंची थीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी प्लेटफॉर्म पर थे। जैसे ही ट्रेन रुकी, भाजपा कार्यकर्ता ट्रेन के इंजन में चढ़ गए और ट्रेन स्टाफ का स्वागत करने लगे, लेकिन विधायक साहिबा नीचे रह गईं। फिर क्या था, रामबाई ने दम लगाया। गेट से ऊपर चढ़ी और एक युवक की कॉलर पकड़ कर उसे नीचे धकेल दिया।
इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस घटनाक्रम को मोबाइल में कैद कर लिया। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बता दे कि ये पहला मौका नहीं है जब विधायक सुर्ख़ियों में हो, वो अक्सर अपनी गतिविधियों से सुर्खियों में बनी रहती है।
इधर, मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक रामबाई ने केंद्र सरकार की जमकर तारीफ की, वो सरकार के रंग में रंगी भी दिखाई दीं। बसपा विधायक ने ट्रेन चालू करने के लिए केंद्र सरकार और इलाके के सांसद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल का भी आभार व्क्त किया।