BJP MLA ने स्वास्थ्य सेवाओं पर खड़े किए सवाल, मंत्री प्रभुराम चौधरी को लिखा पत्र… कहा मरीज दर-दर भटकने को मजबूर
मध्यप्रदेश/भोपाल – कोरोना से मध्यप्रदेश में बिगड़ते हालात के चलते अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं का धैर्य भी जवाब देने लगा हैं। वे अपनी ही सरकार के मुखिया शिवराज सिंह और अपने मंत्रियों से खुलकर सवाल करने लगे हैं।
इसी सिलसिले में अब भाजपा विधायक सुरेन्द्र पटवा ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े किए हैं। सुरेन्द्र पटवा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी को पत्र लिखा हैं। अपने पत्र में विधायक सुरेन्द्र पटवा ने लिखा कि रायसेन जिले में Remdecivir की भारी कमी हैं। मेरे द्वारा औबेदुल्लागंज, मंडीदीप में 3 वेंटिलेटर दिए गए थे लेकिन स्वास्थ्य विभाग अभी तक उन वेंटिलेटर तक को शुरू नहीं करवा पा रहा हैं।
भाजपा विधायक ने नाराजगी जताते हुए लिखा की – रायसेन जिले में मरीज दर-दर भटकने को मजबूर हैं। दूसरी तरफ प्राइवेट हॉस्पिटल मरीजों से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। तमाम कोशिशों के बाद भी क्षेत्र में लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही हैं। परेशान होकर मरीज भोपाल के प्राइवेट अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं, जहां उनसे मोटी रकम वसूली जा रही हैं।
सुरेन्द्र पटवा ने लिखा कि मंडीदीप के सिविल हॉस्पिटल और रायसेन के जिला हॉस्पिटल के सभी बेड फुल हैं। इन अस्पतालों में नए मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा हैं। क्षेत्र की जनसंख्या के हिसाब से इन अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या काफी कम है, इस कारण इलाज करवाने आ रहे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा हैं।
बता दे कि ये पहला मौका नहीं है जब किसी भाजपा नेता ने स्वास्थ्य व्यस्थाओं पर सवाल उठाए हो। इस से पहले पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा भी इन ख़राब व्यस्थाओं को लेकर सवाल उठा चुके हैं।