भिंड : BJP नेता व रेत कारोबारी की गोली मारकर की हत्या, रॉयल्टी ना देने पर हुआ था विवाद, आरोपी फरार 

मध्यप्रदेश/भिंड – मध्यप्रदेश के भिंड में 4 एवं 5 मार्च की दरमियानी रात अमायन थाना अंतर्गत गेहेली एवं कनाथर के बीच भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष व रेत कारोबारी रॉकी गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दौरान उसके साथ ट्रैक्टर पर एक अन्य साथी 28 वर्षीय समरथ सिंह तोमर भी मौजूद था जिसके पैर पर गोली लगी हैं। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। 

क्या है पूरा मामला 

बताया जा रहा है की रॉकी गुर्जर मेहगांव अमायन क्षेत्र की खदान से अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भरकर ला रहा था। रॉयल्टी नहीं देने की नीयत से वह चेक नाके को बचाते हुए गांवों के रास्ते होकर ट्रैक्टर ट्रॉली निकाल ले गया। उधर चेक नाके पर यह सूचना पहुंच गई कि एक ट्रैक्टर बिना रॉयल्टी के ही गांव के रास्ते से निकल गया हैं। जिसके बाद नाके पर तैनात कर्मी विनोद मद्रासी, बलदेव सिंह राजपूत और प्रदीप सिंह गुर्जर ट्रैक्टर को पकडऩे के लिए रवाना हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार गहेली के पास ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया। रॉकी गुर्जर से विनोद मद्रासी रॉयल्टी को लेकर बात कर रहा था, इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई होते देख बलदेव सिंह राजपूत व प्रदीप गुर्जर ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से रॉकी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समरथ सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद तीनों ही आरोपी फरार हो गए।

पुलिस का कहना 

वहीं, इस पुरे मामले पर पुलिस ने हत्या एवं हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। भिंड एसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वारदात में तीन आरोपी नामजद हुए हैं जिसमें एक पॉवरमेक कंपनी कर्मी हैं। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के भी निर्देश दिए गए हैं।

तमाम कोशिशों के बाद भी नहीं रुक पा रही रॉयल्टी की चोरी

विदित हो कि जिले की विभिन्न रेत खदानों पर पॉवरमेक कंपनी का ठेका हैं। करोड़ों रुपए में ली गई रेत खदानों पर सीधे तौर पर रेत भरकर बिना रॉयल्टी चुकाए रेत का परिवाहन हो रहा हैं। जगह-जगह चेक नाके लगाने के बावजूद रॉयल्टी चोरी की जा रही हैं। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा तमाम प्रयास के बावजूद रॉयल्टी चोरी पर अंकुश नहीं लग पा रहा हैं। 

Exit mobile version