दिल्ली में प्रदेश BJP कोर ग्रुप की बड़ी बैठक, इनको बनाया जा सकता है मंत्री, सिंधिया समर्थक मंत्री से वापस ले सकते हैं विभाग, हलचल तेज़

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में आज प्रदेश BJP कोर ग्रुप की बड़ी बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन के महामंत्री हितानंद शर्मा मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस बैठक में शामिल होंगे। 

दिल्ली में होने वाली आज प्रदेश BJP कोर ग्रुप की बैठक में बड़े फ़ैसले हो सकते है। मिली जानकारी के अनुसार शिवराज कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार पर फैसला हो सकता है। सूत्रों ने बताया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बैठक में बड़े फैसले हो सकते हैं। इस दौरान सरकार, मंत्री, संगठन और प्रदेश पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस पर मंथन होगा। यही नहीं, नॉन परफॉर्मिंग मंत्रियों की छुट्‌टी करने का फैसला भी लिया जा सकता है। 

खबरों की मानें तो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पास दो बड़े विभाग परिवहन व राजस्व हैं। इनमें से उनसे एक वापस लिए जाने पर निर्णय हो सकता है। वहीं, जनजातीय कल्याण मंत्री मीना सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी की परफॉर्मेंस बेहतर नहीं है, लिहाजा, दोनों मंत्रियों के विभाग बदलने पर विचार हो सकता है।

इसके अलावा जोबट से विधायक सुलोचना रावत को मंत्री बनाया जा सकता है। सुलोचना आदिवासी नेता हैं, इसलिए उन्हें कैबिनेट में जगह देकर आदिवासियों को साधने की कोशिश होगी। ज्ञात हो कि सुलोचना रावत कुछ ही वक्त पहले कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुईं और फिर BJP के टिकट पर जोबट उपचुनाव भी जीता। जबकि, गौरीशंकर बिसेन को भी फिर से मंत्री बनाने की बात सामने आई है। बिसेन वर्तमान में OBC कल्याण आयोग के अध्यक्ष हैं।

गौरतलब है कि BJP कोर ग्रुप की बैठक इसलिए भी अहम है, क्योंकि 22 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल प्रवास पर आए थे। उन्होंने प्रदेश के बड़े नेताओं व मंत्रियों की बैठक ली थी। इसके बाद अब कोर ग्रुप की बैठक दिल्ली में बुलाई गई है। बहरहाल, ये बैठक 11 बजे शुरू होनी है, इस बैठक के बाद ही पता चलेगा की क्या कुछ बड़े फ़ैसले लिए जाते है।

Exit mobile version