गृहमंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे में बड़ा बदलाव, लेंगे कार्यकर्ताओं की बैठक, सियासी हलचल तेज़

भोपाल : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं। उनके भोपाल दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज़ हैं। इसी बीच गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में ऐन वक्त पर बड़ा बदलाव हुआ है। बता दे कि पहले भोपाल में अमित शाह के करीब 6 घंटे तक रुकने का कार्यक्रम था जो अब करीब 8 घंटे हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अमित शाह अब बीजेपी प्रदेश मुख्यालय भी जाएंगे जहां वो करीब 2 घंटे तक रुकेंगे। इस बदलाव के सियासी मायने हैं। दरअसल पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह का दौरा पूरी तरह सरकारी था और पार्टी स्तर पर कोई कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा चाहते थे कि अमित शाह का कार्यक्रम पार्टी स्तर पर भी हो।
वहीं, मंगलवार को इसी सिलसिले में सीएम शिवराज और वीडी शर्मा के बीच एक अहम बैठक हुई जिसके बाद शाह का कार्यक्रम बीजेपी मुख्यालय में फाइनल हुआ। माना जा रहा है कि अमित शाह बीजेपी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
अब ऐसा होगा अमित शाह का पूरा कार्यक्रम
- सुबह 10.30 बजे भोपाल हवाई अड्डे पर आगमन होगा
- सुबह 11 बजे केंद्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी पहुंचेंगे
- सीएपीटी में शहीद जवानों को पुष्पांजलि देंगे, पौधारोपण करेंगे
- सुबह 11.30 बजे सीएपीटी में अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन करेंगे
- दोपहर 1.30 बजे सीएम हाउस जाएंगे
- सीएम हाउस में सीएम शिवराज के साथ लंच करेंगे
- दोपहर 2.30 बजे जंबूरी मैदान पहुंचेंगे
- तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर करेंगे
- वन ग्राम से राजस्व ग्राम में परिवर्तन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे
- दोपहर 3 बजे नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी का ई भूमिपूजन करेंगे
- शाम 4.30 बजे बीजेपी प्रदेश मुख्यालय जाएंगे
- शाम 6 बजे भोपाल से रवाना




