
भोपाल : पांच राज्यों में चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद एक बार फिर मंहगाई ने जोर पकड़ लिया है। चुनावों के कारण 137 दिनों से स्थिर रहे पेट्रोल-डीजल के दाम पहले मंगलवार को 80 पैसे प्रति लीटर बढ़े। इसके बाद आज भी 80 से 85 पैसे का इज़ाफ़ा किया गया है। जिससे आम आदमी को एक बार फिर तगड़ा झटका लगा है।
राष्ट्रीय स्तर पर बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दामों का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिला है। बात करें राजधानी भोपाल की तो मंगलवार को शहर में पेट्रोल 108.11 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.70 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था। लेकिन आज फिर सरकारी तेल कंपनी ने इन दामों में बढ़त की। जिसके बाद आज भोपाल में पेट्रोल 108.96 रु. प्रति लीटर जबकि डीज़ल 92.50 रु./ली बिक रहा है। यानी दो दिन में 1.75 रु. की वृद्धि हो गई है।
बता दे कि क्रूड ऑयल 115 डॉलर / बैरल के पार हो चुका है। जो 4 नवंबर को यह 81.6 डॉलर / बैरल था। कहा जा रहा है कि तेल कंपनियां 17 रु./ली. तक दाम बढ़ा सकती हैं। क्योंकि क्रूड एक डॉलर महंगा होता है तो पेट्रोल-डीजल 50 पैसे/ली. बढ़ता है।