भोपाल : अपनी मांगों को लेकर पेंशनर्स एसोसिएशन ने दिया धरना, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

भोपाल : पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को पेंशनर्स एसोसिएशन ने राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया। धरना प्रदर्शन में शामिल होने आए दर्जनों विभाग के पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से उनकी जायज मांगों पर जल्द विचार कर निर्णय लेने का आव्हान किया।
पेंशनर एसोसिएशन मध्य प्रदेश के प्रांत अध्यक्ष ओमप्रकाश बुधौलिया ने बताया कि मध्य प्रदेश में 13 साल से मंहगाई भत्ता व एरियर्स भुगतान के लिए 5 लाख से अधिक पेंशनर्स संघर्ष कर रहे। इसके बावजूद सरकार मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार हमारी बातों को सुनने के लिए तैयार नहीं है हमारी बातों को सरकार तक पहुंचाने के लिए आज भोपाल में एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई अपनी चरम सीमा पर है उसके बावजूद 34 फीसदी के बजाय 17 फीसदी ही महंगाई भत्ता दिया जा रहा है।
बुधौलिया ने कहा कि सैकड़ों ज्ञापन सौंपने के बाद भी सरकार ने आज तक सातवें वेतनमान का लंबित एरियर का भुगतान नहीं किया है।
बता दे कि प्रदेशभर से आए पेंशनरों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के निराकरण की मांग की है।




