सभी खबरें

भोपाल : जेपी अस्पताल में मरीज़ की मौत, ICU बेड और ऑक्सीजन नहीं देने का आरोप, डॉक्टर को स्टूल से मारने की कोशिश 

मध्यप्रदेश/भोपाल – राजधानी भोपाल के जेपी अस्पताल से लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। यहां आए दिन मरीज़ ऑक्सीजन न होने के चलते या फिर अस्पताल में बेड न खाली होने के चलते अपनी जान गवा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गुरुवार की सुबह सामने आया। जहां बरखेड़ा पठानी की सुंदरबाई को बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजन ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही की।

डाॅक्टर पर मरीज को समय पर आईसीयू बेड और ऑक्सीजन नहीं देने का आरोप हैं। परिजन का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त ऑक्सीजन दे दी जाती तो मरीज की जान बच जाती। बता दे कि मरीज़ की मौत के बाद परिवार वाले बिफर पड़े। उन्होंने केबिन में घुसकर डॉक्टर को घेर लिया और एक महिला ने स्टूल उठाकर डॉक्टर के सिर पर मारने की कोशिश की। 

हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया हैं। जेपी अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन और अधीक्षक डॉ. मोहम्मद परवेज ने बताया कि आईसीयू बेड खाली नहीं होने की परिजनों को जानकारी दे दी थी। बावजूद उनके द्वारा अस्पताल में ही इलाज कराने की जिद की गई। अपने जोखिम पर इलाज कराने का लिखकर दिया था। मरीज को इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। ऑक्सीजन के साथ इंजेक्शन दिया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। मोहम्मद परवेज ने बताया कि मरीज का ऑक्सीजन सेचुरेशन 38 ही था। बचाने का पूरा प्रयास किया गया, लेकिन गुरुवार सुबह 10.44 बजे मरीज की मौत हो गई। जब मौत हुई तब डॉ. अनिल आलोक अग्रवाल ड्यूटी रूम में थे।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना बेकाबू होता जा रहा हैं। आए दिन यहां रिकॉर्ड तोड़ मामले सामने आ रहे हैं। हालात ये है कि अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की किल्लत शुरू हो गई हैं। कई अस्पताल ऐसे है कि जहां ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मच रहा हैं। ऑक्सीजन की कमी के कारण ज्यादातर अस्पतालों ने नए मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया हैं। जबकि, जो मरीज़ पहले से ही अस्पतालों में भर्ती है उनके परिजन खुद ही ऑक्सीजन जुटाने में लगे हुए हैं। वहीं, बेड और ऑक्सीजन की किल्लत के कारण मौत का आकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा हैं। 
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button