भोपाल: बीएचईएल के रिटायर्ड अधिकारी के साथ मोबाइल फ्रॉड, खाते से निकले 6.48 लाख

By : Anjali Kushwaha

भोपाल: भेल के रिटायर्ड अपर सचिव को अपने मोबाइल पर आए एक मैसेज में दिए गए नंबर पर काल करना भारी पड़ गया. उन्हें यह मैसेज बीएसएनएल की तरफ से सिम बंद करने की चेतावनी का था. लेकिन जब उन्होंने उस नंबर पर काल किया तो केवाईसी अपडेट करने के नाम पर जालसाज ने क्रेडिट कार्ड और मोबाइल बैंकिंग में रजिस्टर्ड नंबर की जानकारी लेकर और प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कराकर खाते से 6.48 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन कर लिया. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है.

सायबर क्राइम पुलिस के मुताबिक अयोध्या नगर निवासी 69 वर्षीय परिपत चौधरी भेल के रिटायर्ड अधिकारी हैं. उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की सुबह उनके मोबाइल में चेतावनी का मैसेज आया कि दस्तावेज और सही जानकारी अपडेट नहीं होने के कारण बीएसएनएल कंपनी की तरफ से उनके सिम कार्ड बंद किया जा सकता हैं. इसी मैसेज में सिम की सेवा जारी रखने के लिए एक नंबर दिया गया था. जिस नंबर पर उन्होंने कॉल करके बात की. दूसरी तरफ से जालसाज ने बतौर कस्टमर केयर एक्जीक्युटिव बनकर उनसे बात की. उनसे कुछ जानकारी लेकर और उसे अपडेट करने की बात कही. इसके बाद आरोपी ने नेटबैंकिंग से अटैच नंबर के संबंध में पूछताछ की. चौधरी ने आरोपी नेटबैंकिंग के इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर की भी जानकारी दी.

आरोपी ने केवाईसी अपडेट करने का झांसा देकर उनसे क्रेडिट कार्ड सहित बैंक खाते की जानकारी ले ली. जालसाज ने बताया कि कीप सपोर्ट नाम का एप मोबाइल में प्ले स्टोर से अपलोड करें. जैसे ही एप अपलोड हुआ आरोपी ने बताया कि अब आप अपनी नेट बैंकिंग सेवा भी इसी नंबर से जारी रख सकेंगे. सेवा को चेक करने के लिए कंपनी की ओर से कुछ ट्रांजेक्शन किए जा रहे हैं। इसके बाद उनसे 11-11 रुपए दो बार खाते में ट्रांसफर कराए गए. कुछ देर में उन्हें 20 हजार, 28 हजार रुपए अकाउंट से कटने के मैसेज मिले. इस प्रकार आरोपियों ने कुछ मिनट में 6.48 लाख की चपत लगा दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.

 

Exit mobile version