भोपाल : भाजपा सरकार के खिलाफ और किसानों के समर्थन में सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, देगी धरना

भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – मध्यप्रदेश कांग्रेस आज भाजपा सरकार के खिलाफ सड़को पर उतरेगी। पेट्रोल- डीजल की मूल्यवृद्धि, रसोई गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि, इसके अलावा बिजली के बढ़ते दाम साथ ही किसान विरोधी काले कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में आज मध्यप्रदेश कांग्रेस  धरना देगी। यह प्रदर्शन पूरे प्रदेश में जिला व ब्लाॅक स्तर पर किया जाएगा। भोपाल में यह धरना रोशनपुरा चौराहे पर दोपहर 12 से शुरू होगा। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी शामिल हो सकते हैं।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आरोप लगाया कि हमारी सरकार द्वारा शुरू की गई किसान कर्ज माफी योजना को बंद कर शिवराज सरकार का किसान विरोधी कदम हैं। अब कृषि कानूनों का बीजेपी खुलकर समर्थन कर रही है, वे किसान विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाले आज किसान को पूरी तरह से बर्बाद करने पर आमादा हैं। 

इधर, कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने भी भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज भाजपा के मंत्री किसानों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। किसानों को टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ चीन-पाकिस्तान के साथ कनेक्शन बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि गेहूं का समर्थन मूल्य 1975 रुपए है, लेकिन समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं हो रही हैं। उन्होंने सरकार के समर्थन मूल्य पर अनाज खरीदी के दावों को खोखला बताया।

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में 6 माह में 267 मंडियों में से 47 मंडी बंद हो चुकी हैं। मंडियां बंद होने की जानकारी सरकारी पोर्टल पर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी हैं। किसान आंदोलन के समर्थन में अब कांग्रेस भी सड़क पर उतरेगी।  

Exit mobile version