
मध्यप्रदेश/ग्वालियर/भिंड – मध्यप्रदेश के भिंड में रेत के विवाद में भाजपा नेता रॉकी गुर्जर की हत्या के 14 घंटे बाद ही डबरा में ठेका कंपनी के कर्मचारियों पर रेत माफिया ने शुक्रवार की देर रात आधे घंटे तक फायरिंग की। बताया जा रहा है कि डबरा के बेलगाढ़ा मोड़ पर शुक्रवार की रात रेत की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे डबरा निवासी पूरन पचौरी और छोटा रावत को जब ठेका कंपनी के कर्मचारी विनय गुर्जर व अन्य ने रोका और ट्रैक्टर चालक से रायल्टी के बारे में पूछा तो उसके पास रसीद नहीं मिली। इस पर ठेका कर्मचारी रायल्टी कटवाने के लिए कहने लगे। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। पूरन और छोटा रावत ने फायरिंग कर दी। गोली कंपनी के कर्मचारियों की कार में जाकर लगी।
वहीं, कंपनी के कर्मचारी विनय गुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने पूरन व छोटा के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया हैं। बता दे कि ग्वालियर-चंबल अंचल में रेत के विवाद में फायरिंग और हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। छह माह में इस तरह 19 घटनाएं अकेले डबरा- भितरवार में सामने आ चुकी हैं। जबकि, पुलिस-प्रशासन के तमाम दावों के बाद भी न तो अवैध खनन पर रोक लग पाई और न ही हमलों में कमी आई।
इस से पहले रेट रायल्टी को लेकर भिंड में 4 एवं 5 मार्च की दरमियानी रात अमायन थाना अंतर्गत गेहेली एवं कनाथर के बीच भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष व रेत कारोबारी रॉकी गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दौरान उसके साथ ट्रैक्टर पर एक अन्य साथी 28 वर्षीय समरथ सिंह तोमर भी मौजूद था जिसके पैर पर गोली लगी हैं। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।