सभी खबरें

बड़वाह : सीएमएचओ और बीएमओ कार्यालय के बीच अटकी विधायक निधि के कारण नहीं खरीदे सुरक्षा उपकरण

खरगोन/बड़वाह से लोकेश कोचले की रिपोर्ट – कोरोना आपदा से जूझ रहे शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और सामाजिक कार्यकर्ताओं को विधायक निधि से मिलने वाली पीपीई किट, फेस मास्क और सैनिटाइजर वितरण का कार्य स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण अधर में अटका हुआ हैं। कलेक्टर के आदेश के बाद भी स्वीकृत हुई विधायक निधि फिलहाल सीएमएचओ और बीएमओ कार्यालय के बीच ही अटकी हैं। जिसके कारण कोरोना महमारी से बचाव के लिए सुरक्षा सामग्री नहीं खरीदी जा पा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि बड़वाह विधानसभा क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में इन्फ्रा रेड थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर, पीपीई किट, हेंड ग्लब्स और फेस मास्क, सैनिटाइजर की कमी के कारण स्वास्थ्यकर्मी और शासकीय कर्मचारियों में संक्रमण की आशंका बनी रहती हैं। नगर पालिका कर्मचारी, पुलिस कर्मचारी, राजस्व कर्मचारी, महिला एवं बाल विकास कर्मचारी और सामाजिक कार्यकर्ता अपने-अपने स्तरों पर कोरोना वायरस के खिलाफ जारी युद्ध में सहयोग दे रहे हैं। लेकिन इनके पास स्तरीय फेस मास्क, ग्लब्ज और सैनिटाइजर का अभाव बना हुआ है। ये सभी कर्मचारी जोखिमभरी परिस्थितियों में कोरोना आपदा के खिलाफ संघर्षरत हैं।

लेट लतीफी भारी ना पड जाए

विधायक सचिन बिरला ने बताया कि कोरोना महामारी से जूझ रहे शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के इस्तेमाल के लिए 25 इन्फ्रारेड थर्मामीटर, 10 पल्स ऑक्सीमीटर, 325 पीपीई किट, 2500 फेस मास्क, ग्लब्स और सैनिटाइजर क्रय करने के लिए 11 अप्रैल को जिला योजना समिति को पत्र लिखा था। इस सामग्री को क्रय करने के लिए 14 अप्रैल को कलेक्टर कार्यालय (योजना एवं सांख्‌यिकी) ने सात लाख 25 हजार 500 रुपये की स्वीकृति प्रदान की और सामग्री क्रय करने के लिए जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नियुक्त किया।

इसके बाद भी 27 अप्रैल तक जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सामग्री क्रय नहीं करने पर विधायक बिरला ने पुनः एक पत्र जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को 27 अप्रैल को लिखा। जिसमें सामग्री क्रय करने का कार्य रोगी कल्याण समिति को सौंपने का आग्रह किया गया। इस पत्र के परिप्रेक्ष्य में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने 27 अप्रैल को रोगी कल्याण समिति बड़वाह को सामग्री क्रय करने के लिए अधिकृत किया गया। लेकिन अभी तक स्थानीय समिति के पास कोई पत्र या स्वीकृति प्राप्त नहीं होने से सुरक्षा सामग्री क्रय नहीं की गई। विधायक बिरला ने बताया कि इस संकट काल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बरती जा रही लापरवाही कोरोना से लोगों को बचाने में जुटे शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर भारी ना पड़ जाए।

सीएमएचओ कार्यालय से सुरक्षा सामग्री खरीदने के लिए अब तक कोई पत्र या निर्देश प्राप्त नहीं हुए। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया है। स्वीकृति प्राप्त होने के बाद खरीदी की जाएगी।

-डॉ. अनुज कारकुर, बीएमओ, बड़वाह

बड़वाह विधायक निधि से सुरक्षा सामग्री खरीदने के लिए निर्देश प्राप्त हुए थे। पूर्व यह सामग्री रोगी कल्याण समिति बड़वाह द्वारा क्रय करने की सहमति बनी थी। बाद में संबंधित क्षेत्र के विभागीय अधिकारी द्वारा सामग्री खरीदने में असहजता जताई गई। अब सीएमएचओ कार्यालय द्वारा प्रक्रिया के तहत सामग्री खरीदी जाएगी।

-डॉ. दिव्येश वर्मा, प्रभारी सीएमएचओ, खरगोन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button