
बड़वाह लोकेश कोचले की रिपोर्ट : – सीवरेज योजना के तहत कार्यो में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर सोमवार को स्थानीय भाजपा नेता नपा सीएमओ राधेश्याम मण्डलोई से रूबरू हुए। सीवरेज के कार्य को गति देने व खुदी सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही एक शिकायती आवेदन भी दिया। वही नपा सीएमओ ने इन समस्याओं को जल्द समाधान के लिए आश्वस्त किया। चर्चा के दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चंद्रपालसिंह तोमर ने बताया कि इन दिनों धीमी गति से चल रहा सीवरेज कार्य शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सीवरेज के लिए महिनों पहले गली- मोहल्लों में खोदी गई सड़कों की मरम्मत भी नहीं की जा रही हैं। महिम ठाकुर, सुरेंद्र पंड्या ने कहा कि इससे हर रोज नगर लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। दुर्घटनाओ की संभावनाएं भी बन रही है। जिससे आमजन में भारी रोष है। वही बृजेंद्र जोशी, संजय मुथा ने मेन चौराहा स्थित इंदिरा मार्केट के नाले की दुर्दशा के बारेे में बताया। जिस पर सीएमओ ने कहा कि एक-दो माह में नाले का निर्माण कार्य हो जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही पोल शिफ्टिंग सहित अन्य कार्य के लिए वर्क आर्डर जारी किए जाएंगे। कवर कॉलोनी स्थित एक उद्यान के नामकरण और सुंदरीकरण के लिए भी आवेदन दिया गया। इस दौरान मंडल महामंत्री निखिलेश खंडेलवाल, पूर्व पार्षद जिम्मी तोमर, योगेश तिवारी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।