दुर्घटना से बचे रैपर बादशाह, कार की हालत बुरी

दुर्घटना से बचे रैपर बादशाह, कार की हालत बुरी

नई दिल्ली : आयुषी जैन : बॉलीवुड के मशहूर रैपर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह पटियाला के पास राजपुरा में हुई एक कार दुर्घटना में बाल-बाल बच गए. यह हादसा सोमवार को उस वक्त हुआ जब बादशाह की कार राजपुरा  के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के इंटर सेक्शन पर बन रहे एक निर्माणाधीन ओवरब्रिज से गुजर रही थी. कार की गति काफी तेज थी और चालक धुंध के कारण सड़क पर रखे गए कंक्रीट के स्लैब्स नहीं देख पाया.

इस दुर्घटना में बादशाह की कार बुरी तरह से बिगड़ गई हालांकि वह खुद इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए. कंक्रीट के स्लैब नियमों को ताक पर रखकर सड़क पर रखे गए थे जिससे दुर्घटना का अंदेशा पहले ही बना हुआ था. गौरतलब है कि पानीपत-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 को पूरा करने की अवधि मार्च 2011 में खत्म हो गई थी लेकिन इस परियोजना पर आज भी काम चल रहा है.

नेशनल हाईवे 1 पर सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच भी सोमवार सुबह एक आर्मी ट्रक और कैमिकल लोडेड कैंटर दुर्घटनाग्रस्त हो गए. घने कोहरे के चलते तकरीबन 50 वाहन एक दूसरे से टकराते चले गए. मशहूर रैपर बादशाह की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हालांकि एयरबैग्स के खुल जाने के चलते उन्हें कोई चोट नहीं लगी और वह सुरक्षित बच निकले.

Exit mobile version