
अनूपपुर : भगवान राम की माताओं पर टिप्पणी के मामले में कांग्रेस ने दिया धरना, एफआईआर दर्ज करने की मांग।
अनूपपुर से राजकमल पांडे की रिपोर्ट : –
अनूपपुर/ मंत्री बिसाहूलाल पर मुसीबत मानो द्वार पर खड़ी ही है, और बिसाहूलाल मुसीबतों का स्वागत कक्ष में खड़े हो माल्यार्पण कर रहे हों। अभी कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ की पत्नी को रखैल कहने का मामला ठंडा भी नही हुआ था कि बिसाहूलाल की ज़ुबान फिर फिसल गई और अब भगवान राम पर टिप्पणी कर बैठे। कांग्रेस ने बिसाहूलाल पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बिसाहूलाल ने भगवान राम की माताओं पर अभद्र टिप्पणी की है। जिससे कांग्रेस आक्रोशित हो धरना प्रदर्शन कर एफआईआर दर्ज करने की मांग भी किया।
और जिला निर्वाचन अधिकारी को भी इस मामले पर संज्ञान लेने को कहा। कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन कर कहा कि भगवान राम नाम को अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने वाली बीजेपी के अनूपपुर प्रत्याशी मंत्री बिसाहूलाल ने कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह कुंजन की पत्नी को रखैल जैसे आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद देश के करोड़ों हिंदुओं के आस्था के केंद्र मर्यादा पुरुषोत्तम राम के पूज्य पिता राजा दशरथ की पत्नी माता कौशल्या माता, माता सुमित्रा, माता कैकेई के संबंध में की गई बेहद अभद्र टिप्पणी से आहत कांग्रेसजन ने बुधवार 21 अक्टूबर को अनूपपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल के नेतृत्व में समातपुर तालाब के पास धरना देकर विरोध जताया। व जिला निर्वाचन अधिकारी अनूपपुर से मंत्री बिसाहूलाल सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की साथी ही थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज करा कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेसियों ने कहा कि अगर देश की आधी आबादी वाली महिलाओं के खिलाफ अमर्यादित भाषाओं का उपयोग कर सकने वाले भाजपा प्रत्याशी मंत्री बिसाहूलाल सिंह के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, तो भगवान राम को मानने वाले लोग उग्र आंदोलन करेंगे। जिसकी जवाबदारी जिला प्रशासन वह निर्वाचन अधिकारी की होगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल ने धरने में कहा कि पूर्व मंत्री बिसाहूलाल जी अपनी हार से इतने बौखला गए हैं कि वह मां, बहन, बेटियों का सम्मान करना भूल गए हैं। कभी कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह की पत्नी के खिलाफ अमर्यादित बयान देते हैं, तो कभी भगवान श्री राम जी की माताओं के खिलाफ बोलते हैं। मुझे तो बिसाहूलाल पर तरस आती है कि इतने बुजुर्ग नेता होने के बाद जिन्हें अनूपपुर की जनता ने कई बार अपना मत देकर विधायक बनाया हो वो जनता से गद्दारी कर भारतीय जनता पार्टी के हाथों 35 करोड़ में बिकने तथा भगवा रंग धारण करते ही माताओं और बहनों के खिलाफ उनकी सोच गंदी हो गई कि वह अनाप-शनाप बकने लगे उनके कृत्यों की सजा भले ही भारतीय जनता पार्टी सरकार ना दे किंतु अनूपपुर की जनता और माताएं, बहने 3 तारीख को अवश्य देगी।
गौर तलब है कि धरना कार्यक्रम में बिसाहूलाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस प्रशासन व जिला निर्वाचन अधिकारी से कार्रवाई की मांग की गई है। धरना कार्यक्रम में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अकील टेढ़ा, अनूपपुर विधानसभा के सह प्रभारी पूर्व विधायक नेहा सिंह, कांग्रेस के समन्वयक कदीर सोनी, महिला कांग्रेस नेत्री गीता सिंह, शिल्पा अग्रवाल, रुकमणी गोटिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष करतार सिंह, पुरुषोत्तम चौधरी, एहसान अंसारी अध्यक्ष सेवादल, संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम कुमार त्रिपाठी, संतोष अग्रवाल, उमेश राय आदि उपस्थित रहे।