
अनुपम श्याम का निधन, ‘प्रतिज्ञा’ टीवी शो में ठाकुर सज्जन सिंह के नाम से मशहूर थे एक्टर
भोपाल:
बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के एक और एक्टर ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। ‘प्रतिज्ञा’ टीवी सीरियल में ठाकुर सज्जन सिंह के नाम से मशहूर हुऐ एक्टर अनुपम श्याम ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनकी उम्र 63 साल थी। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
अनुपम श्याम ने कई फिल्मों में छोटे- बड़े किरदार निभाए। उनकी प्रसिद्ध फिल्मों में 'बैंडिट क्वीन', 'स्लमडॉग मिलेनियर', 'द वॉरियर', 'थ्रेड', 'शक्ति', 'हल्ला बोल', 'रक्तचरित' और 'जय गंगा' आदि शामिल हैं। इसके अलावा धारावाहिक 'मन की आवाज प्रतिज्ञा', 'कृष्णा चली लंदन' और 'डोली अरमानों की' में भी वे नजर आए थे। इसी साल मन की आवाज प्रतिज्ञा के दूसरे सीजन की शुरुआत होने पर उन्होंने अभिनय में वापसी की थी। शूट खत्म होने के बाद वह हफ्ते में तीन बार डायलिसिस पर जाते थे। ऐसा कहा जा रहा है की एक्टर के बहुत से अंगों ने काम करना बंद कर दिया था जिसके कारण उनका निधन हो गया। इससे पहले भी वे अपने खराब स्वास्थ्य को लेकर चर्चा में थे।
उनके निधन पर कई अभिनेताओं ने दुख जताया। अभिनेता मनोज जोशी ने ट्वीट पर अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने लिखा, “अपने मित्र और प्रतिभावान अभिनेता अनुपम श्याम के निधन से गहरा दुख पहुंचा है। हमने एक भले आदमी को खो दिया। परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।”