
भोपाल/निशा चौकसे:- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कॉलेज में दाखिला लेने वाली बेटियों को लाडली लक्ष्मी योजना के तहत अब 25,000 रूपये की राशि भी दी जाएगी. बालिका के जन्म के प्रति जनता में सकारात्मक सोच, लिंग अनुपात में सुधार, बालिकाओं की शैक्षणिक स्तर एवं स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार तथा उनके अच्छे भविष्य की आधारशिला रखने के उद्देश्य से प्रदेश में एक अप्रैल 2007 में लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की गई थी. सीएम ने लाड़ली लक्ष्मी उत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज में दाखिला लेने वाली लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को 25,000 रूपये की राशि दी जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य-सुविधा, स्वावलंबन, समृद्धि और उनका सम्मान ही हमारी प्राथमिकता है. यह पूरे समाज की जिम्मेदारी है. नारी तुम केवल श्रद्धा हो, यह भाव अगर मजबूत होगा तो निश्चित तौर पर देश आगे बढ़ेगा
अनाश्रित बेटियों को भो देंगे इन योजनाओं का लाभ
उन्होंने कहा कि प्रदेश में माता-पिता के बिना, अनाश्रित स्थिति में मिली बेटियों को भी लाडली लक्ष्मी मानकर योजना के लाभ दिए जाएंगे. लाड़ली लक्ष्मी दिवस उत्सव के रूप में न सिर्फ राज्य स्तर पर बल्कि जिला, ब्लाक और ग्राम पंचायत स्तर पर मनाया जाएगा. कोशिश यह है कि मध्य प्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी योजना पूरी दुनिया में आदर्श उदाहरण बन जाए. साथ ही कहा कि आज से 14 वर्ष पहले की छोटी-छोटी लाडली लक्ष्मियों का कक्षा 10वीं से 12वीं और महाविद्यालय में प्रवेश होते देखना प्रसन्नता का ही नहीं बल्कि जीवन को सफल और सार्थक होने की अनुभूति भी प्रदान करता है.
इतनी बालिकाओं को प्रदान कि जा चुकी है छात्रवृत्ति
चौहान ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2021-22 की छमाही में 1.31 लाख नई बालिकाओं का पंजीयन लाडली लक्ष्मी योजना में हुआ है. योजना शुरू होने से अब तक कक्षा 6, कक्षा 9, कक्षा 11 और कक्षा 12 में प्रवेश लेने वाली 6.62 लाख बालिकाओं को 185 करोड़ रूपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है. योजना देश भर में प्रशंसित है और अनेक राज्यों ने इसे अपनाया है.