
- बीजेपी सांसद की फिसली जुबान बने हंसी का पात्र
- पाकिस्तान के आतंकियों को बताया अमेरिकी आतंकवादी
- उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के लिए आयोजित हुआ था कार्यक्रम
धार/निशा चौकसे:- मध्यप्रदेश के धार महू क्षेत्र से सांसद छतर सिंह दरबार शनिवार को हंसी का पात्र बन गए. दरअसल, उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के लिए आयोजित कार्यक्रम में दरबार आतंकवाद के मुद्दे पर बोल रहे थे. इस दौरान वे पाकिस्तान को बार-बार अमेरिका बोलते रहे. इस बात का अहसास कराने के बावजूद उन्हें सही शब्द सुनाई नहीं दिया. वे अपनी ही धुन में बोलते चले गए. कार्यक्रम का आयोजन धार के शासकीय पीजी कॉलेज में किया गया था. यहां उज्जवला योजना के तहत एक हजार हितग्राहियों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिया जाना था. इस कार्यक्रम में विधायक राजवर्धनसिंह दत्तीगांव सहित जिले के आला अधिकारी भी मौजूद थे.
पाकिस्तान के आतंकियों को बताया अमेरिकी आतंकवादी
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद दरबार ने कहा कि 20 सैनिकों के सिर काटकर ले गए थे अमेरिका के आतंकवादी और अमेरिका की सेना. जबरदस्ती जबरदस्ती आ कर. तत्कालीन प्रधानमंत्री, तत्कालीन सरकार ने कई शक्तिशाली देशों से आग्रह किया कि साब हमारे सिर वापस लौटवा दो, हमारी मदद करो. मदद करने की और सिर लौटाने की बात तो दूर रही, अमेरिका की मिलिट्री और आतंकवादियों ने हमारे सैनिकों के सिरों का फुटबॉल जैसा सुलूक किया. और वीडियो वायरल करके हमें जलील किया. अभी आपको याद होगा, हमारा वायुसेना का अधिकारी पकड़ा गया था अमेरिका में, अभिनंदन वहां फूल बरसाने नहीं गया था, अभिनंदन वहां मारने गया था. मिसाइल दागने गया था, तोप का गोला मारने गया था. पर किसी कारणवश वो पकड़ा गया. मैं वो देख रहा था मोदी जी ने उस वक्त क्या किया था. मैं हाउस में उपस्तिथ था. मोदी जी ने किसी के सामने गिड़गिड़ाए नहीं कि मेरे अभिनंदन को छुड़ाने में मदद करिए.’
बीएमओ को सुनाई थी खरी-खोटी
सांसद छतरसिंह दरबार आए दिन किसी न किसी कारण से सुर्खियों में रहते हैं. दो दिन पहले ही कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के एक कार्यक्रम में उन्होंने मनावर के बीएमओ जीएस चौहान को मंच से ही खरी-खोटी सुनाई थी, वो भी केवल इसलिए कि उनके आने से पहले ही कार्यक्रम शुरू करवा दिया गया था.