सभी खबरें

पुलिस के बाद मीडिया पर हमला,क्या कर रही योगी सरकार

पुलिस के बाद मीडिया पर हमला,क्या कर रही योगी सरकार …

यूपी / गाजियाबाद से मनीष आमले की रिपोर्ट – : राष्ट्रीपुय राजधानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले यूपी के गाजियाबाद जिले में मोटरसाइकिल पर बेटियों के साथ जा रहे एक पत्रकार पर बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर उसे जख्मी कर दिया। पत्रकार विक्रम जोशी का कसूर केवल इतना था कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व विजयनगर थाने पर उनकी भांजी के साथ कुछ लड़कों द्वारा छेड़खानी किए जाने की शिकायत की थी। एनसीआर इलाके में दिनदहाड़़े हुई इस वारदात ने यूपी की योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है।

अपने सख्त मिजाज की पहचान बनाने वाले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी की सत्ता संभालते ही आपरेशन मजनू चलाकर यहां की बेटियों को सुरक्षित माहौल में जीवन यापन करने का संदेश दिया था। इसके विपरीत यदि कहा जाये तो गलत नहीं होगा कि वक्त गुजरने के साथ ही उनकी यह पहल ढीली पड़ गई और आज महिलाएं फिर से असुरक्षित वातावरण में जीने के लिए मजबूर हैं। 

यूपी की कानून व्यवस्था का यह हाल है कि यहां कोई वारदात हो जाने के बाद पुलिस जागती है। कानपुर का विकास दुबे कांड इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। आठ पुलिस वालों की हत्या के बाद पुलिस के कान खड़े हुए और ताबड़तोड़ बदमाशों के एनकाउंटर किये गये। उससे पहले यही विकास दुबे पुलिसवालों और नेताओं के साथ अपने नजदीकी रिश्ते बनाकर हर अवैध काम को बुलंदी के साथ अंजाम दे रहा था।

बदमाशों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि यूपी में बदमाशों के ताबड़तोड़ एनकाउंटर के बाद भी वे पुलिस के बाद अब मीडिया को निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं और पुलिस खामोश है। यदि पुलिस ने विक्रम जोशी की रिपोर्ट पर तीन दिन पहले ही आरोपी लड़कों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती तो आज विक्रम जोशी को बदमाशों की गोलियों का शिकार नहीं बनना पड़ता।

40 हजार से अधिक सदस्यों वाले आल इंडिया मीडिया एसोसिएशन परिवार की ओर से मैं पत्रकार विक्रम जोशी पर किये गये हमले का कड़े शब्दों में भर्त्सना करता हूं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के साथ-साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग करता हूं कि पत्रकार विक्रम जोशी के हमलावरों को सख्त सजा दिलाने में कोई कसर न छोड़ी जाये। इसके साथ ही विजयनगर थाने के उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाये, जिन्होंने विक्रम जोशी द्वारा कुछ दिन पूर्व उनकी भांजी के साथ छेड़खानी की तहरीर दिये जाने पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। पत्रकार विक्रम जोशी तथा उनके परिवार की सुरक्षा का पूर्ण इंतजाम किया जाये।

आल इंडिया मीडिया एसोसिएशन पत्रकार विक्रम जोशी के साथ हर मोर्चे पर खड़ा है तथा उन्हें विश्वास दिलाता है कि सच की लड़ाई में हम पत्रकार बिरादरी की ओर से उनका पूरा साथ देंगे।  

महेश शर्मा
राष्ट्रीय अध्यक्ष
ऑल इण्डिया मीडिया एसोसिएशन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button