सभी खबरें

सीधी के बाद अब मंडला में पलटी बस, 30 सीटर बस में सवार थे 70 से अधिक यात्री, चालक मौके से फरार

मध्यप्रदेश/मंडला – गुरूवार को बम्हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया गांव के नजदीक एक ओवरलोड बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस क्रमांक एमपी 51 पी 0321 में क्षमता के दुगुने से भी अधिक सवारियों को बिठाया गया था। नतीजा यह हुआ कि सिमरिया के नजदीक से बेलगाम भागती बस पर से चालक का नियंत्रण हट गया और बस लहराते हुए पलट गई। हादसे के साथ ही पूरे बस में यात्रियों की चीख पुकार मच गई और वे दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर आने के लिए छटपटाने लगे। 

जिला परिवहन कार्यालय की जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 51 पी 0321 का रजिस्ट्रेशन 13 वर्ष पहले 2007 में कराया गया था। यह बस 30 सीटर है जिसमें 70 से अधिक यात्रियों को ठूूंस ठूंसकर बिठाया गया था। बस मालिक का नाम दिलीप जायसवाल हैं। 

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब यात्रियों को बस से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझा तो बस वाहन के सामने का शीशा तोड़ा गया और वहां से बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों का कहना है कि बस चालक शराब के नशे में था और बेलगाम रफ्तार से बस चला रहा था। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही चालक मौके से फरार हो गया।

वहीं, पुलिस के अनुसार बस चालक का नाम रूपेश तिवारी हैं। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों की सहायता से घायलों को बस के सामने के तोड़े गए शीशे से बाहर निकालकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

गौरतलब है कि सीधी बस हादसे में कई लोगों की जान जाने के बावजूद जिला परिवहन विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है और जिले में ओवरलोड बसों की रफ्तार जस की तस हैं। न ही उन पर कोई कार्रवाई की जा रही है और न ही ओवरलोडिंग रोकी जा रही हैं। यही कारण है कि जिले में ओवरलोडिंग वाहनों के हादसों का सिलसिला लगातार जारी हैं।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button