अतिथिविद्वान नियमितीकरण पर बोले कांग्रेस मंत्री पी सी शर्मा :वचन दिया है तो पूरा भी किया जाएगा

राजधानी भोपाल के शाहजहांनी पार्क में अतिथिविद्वानों का आंदोलन लगातार 58 दिनों से जारी है। दिल्ली स्थित शाहीन बाग़ की तर्ज़ पर न आंदोलनकारी अपनी मांगों से पीछे हट रहे है, न सरकार ने अब तक अतिथिविद्वान नियमितीकरण पर अपनी नीति स्पष्ट की है। अतिथिविद्वान नियमितीकरण संघर्ष मोर्चा के डॉ सुरजीत भदौरिया के अनुसार कांग्रेस पार्टी दोहरा आचरण कर रही है। शाहीन बाग़ के आंदोलन को कांग्रेस पार्टी समर्थन करती है जबकि अपने अधिकार के लिए संघर्षरत अतिथिविद्वानों से अब तक कांग्रेस पार्टी एवं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दूरी बना रखी है। यह कमलनाथ सरकार का दोहरा चेहरा स्पष्ट करता है।
वचनपत्र राहुल गांधी का वादा है, हर हाल में पूरा किया जाएगा- नकुलनाथ


अतिथिविद्वान नियमितीकरण संघर्ष मोर्चा के डॉ देवराज सिंह के अनुसार अतिथिविद्वानो के एक प्रतिनिधिमंडल ने छिन्दवाड़ा सांसद नकुलनाथ से मुलाकात कर कांग्रेस पार्टी के वचनपत्र एवं अतिथिविद्वान नियमितिकरण पर चर्चा की। जिस पर नकुलनाथ जी ने कहा कि वचनपत्र राहुल गांधी जी का वचन है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।
वचन दिया है तो पूरा करेंगे- मंत्री पी सी शर्मा
कांग्रेस पार्टी ने यदि प्रदेश की जनता को वचन दिया है तो उसे पूरा किया जाएगा। यह बातें प्रदेश के विधि मंत्री पी सी शर्मा ने अपने रीवा प्रवास के दौरान अतिथिविद्वानों के एक प्रतिनिधिमंडल से कही। उल्लेखनीय है कि मोर्चा के मीडिया प्रभारी डॉ आशीष पांडेय के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्री शर्मा से मिलकर नियमितिकरण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। जिस पर मंत्रीजी ने सकारात्मक जवाब दिया।

Exit mobile version