सीधी के PHE के स्टोर रूम में रखी सामग्रियां रोज़ हो रही चोरी, जिम्मेदार कह रहें हो रही जांच

द लोकनीति के लिए सीधी से गौरव सिंह की रिपोर्ट :-
लोक स्वास्थ यांत्रिकीय विभाग के भंडार गृह में रखी पुरानी पाइपें सहित अन्य सामग्री लगातार गायब हो रही हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा शंका जाहिर की जा रही है कि भंडार गृह में कार्यरत कर्मचारियों की मिली भगत से पाइपों की चोरी हो रही है। जिस पर विभाग के सहायक यंत्री उपखंड सीधी द्वारा मामले की जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई करने के लिए थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को पत्र लिखा गया है।
बता दें कि लोक स्वास्थ यांत्रिकीय विभाग का भंडार गृह शहर के मड़रिया में बनाया गया है, जहां पुरानी व नई पाइप सहित अन्य सामग्रियों का भंडारण किया जाता है, उक्त सामग्री के लिए यहां विभाग द्वारा कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। लेकिन विगत कुछ महीनों से लगातार पुरानी पाइपें सहित अन्य सामग्री भंडार गृह से गायब हो रही है, जिसकी सूचना भंडार गृह में ही तैनात कुछ कर्मचारियों के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद अधिकारियों के कान खड़े हो गए। प्रथम दृष्ट्या मामले की जांच करने पर पुराने पाइपें गायब होना पाए जाने के बाद सहायक यंत्री लोक स्वास्थ यांत्रिकीय विभाग उपखंड सीधी द्वारा विभागीय पत्र के माध्यम से थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सीधी को पत्र लिखकर जांच में आवश्यक सहयोग प्रदान किए जाने की मांग की गई है, साथ ही दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।
की जा रही जांच :
ऐसी सूचना मिली की मड़रिया स्थित भंडार गृह से पुरानी पाइपे चोरी हो रही है, प्रथम दृष्ट्या सूचना सही पाए जाने पर इसकी जांच के लिए सिटी कोतवाली में पत्र भेजा गया है, साथ विभागीय स्तर पर भी इसकी जांच की जा रही है कि कितनी पाइप सहित अन्य सामग्री गायब हो गई है।
दिवाकर ङ्क्षसह, एसडीओ पीएचई सीधी



