सभी खबरें

जल संसाधन मंत्री के क्षेत्र में 8 महीने से जल की समस्या से परेशान लोग

  • 8 महीने से बोरवेल में आ रहा लाल पानी
  • रहवासियों को चर्म रोग की शिकायतें
  • ग्रामीण बोले- अधिकारी आते हैं, देखकर चले जाते हैं, कुछ नहीं होता

भोपाल: 

मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में पिछले कुछ महीने से जल की समस्या बनी हुई है। यहाँ बोरिंग और हैंडपम्प में लाल पानी आ रहा है। इंदौर जनपद के ग्राम पंचायत असरावद बुजुर्ग की सात मिल इंदिरा आवास बस्ती की जनसंख्या लगभग 2 हजार है। जहां पर डेढ़ सौ से अधिक परिवार इस समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ सालों पहले नजदीक में लगी एक चॉकलेट फैक्ट्री का पानी अब बोरिंग में आने लगा है, लेकिन जनप्रतिनिधि अब इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पानी देखकर ग्रामीण पीना तो दूर कपड़े, बर्तन धोने में भी सोचते हैं। 

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ग्राम पंचायत में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कुछ अधिकारी आते हैं और सांत्वना देकर चले जाते हैं। नेता लोग यहां सिर्फ वोट मांगने आते है। चुनाव के बाद कोई सुध लेने नहीं आता है। लाल पानी से बच्चे, बुजुर्ग समेत सभी में धीरे-धीरे चर्म रोग की समस्या होने लगी है।  वर्तमान में सरपंच और सभी लोगों को समस्या से अवगत करा दिया गया है, लेकिन सालभर से कोई भी झांकने तक नहीं आया है।

बता दे की सांवेर विधानसभा क्षेत्र जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट की है। मामला संज्ञान में आते ही कांग्रेस नेत्री रीना बोरासी मौके पर पहुंची और उन्होंने ग्रामीणों को सांत्वना देते हुए जल्द इस समस्या को हल करने की बात कही है। इस दौरान उन्होंने मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जल संसाधन मंत्री को अपने विधानसभा क्षेत्र की चिंता नहीं है। 

पारिया जनपद अध्यक्ष विजय लक्ष्मी रामसिंह ने बताया की इलाके में कुछ चॉकलेट फैक्ट्री खुली हैं। फैक्ट्रियों द्वारा पानी छोड़ा जा रहा है। जिसके कारण यह पानी लाल हो गया है​​। जिसकी शिकायत हमने कलेक्टर, एसडीएम को की है, लेकिन अधिकारी आकर चले जाते हैं​​।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय प्रयोगशाला प्रभारी सुखनंदन पाटिल ने कहा कि यदि यह समस्या किसी फैक्ट्री या उद्योग से है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button