17 साल की लड़की ने रची अपने ही पिता की हत्या की साजिश
ग्वालियर:
ग्वालियर के कलेक्टर कार्यालय की निर्वाचन शाखा में पदस्थ रवि दुबे की 4-5 अगस्त की दरमियानी रात हत्या हुई थी जिस मामले का खुलासा अब हुआ है| पुलिस ने दावा किया है कि रविदत्त दुबे की 17 साल की छोटी बेटी ने पूरी प्लानिंग के साथ उनका मर्डर करवाया है|
पहले वह अपने बॉयफ्रेंड के जरिए हत्या करवाना चाहती थी परंतु जब उसने साफ मना कर दिया तो उसके दोस्त को फंसाया। ऑफर दिया कि यदि वो उसके पापा का मर्डर कर देता है तो वो उसके बॉयफ्रेंड करण को छोड़कर उसकी गर्लफ्रेंड बन जाएगी|
ग्वालियर के थाटीपुर के तृप्ति नगर निवासी 58 वर्षीय रविदत्त दुबे पुत्र ओमप्रकाश दुबे कलेक्टोरेट के निर्वाचन शाखा में क्लर्क थे| वह 4-5 अगस्त की दरमियानी रात खाना खाने के बाद अपने घर की पहली मंजिल पर परिवार के साथ सोए हुए थे। कमरे में उनकी पत्नी भारती, बड़ी बेटी कृतिका दुबे, 17 वर्षीय बेटी, बेटा 12 वर्षीय रूपेन्द्र सो रहे थे| रात करीब 2 बजे अचानक कमरे में धमाके की आवाज आई और जब सभी जागे तो बिस्तर पर रवि के पेट व मुंह से खून निकल रहा था। उनकी मृत्यु हो चुकी थी|
पुलिस इन्वेस्टिगेशन के दौरान फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने बताया कि गोली बहुत नजदीक से लगी है| किसी व्यक्ति के घर के अंदर आने के निशान नहीं मिले थे, कमरा पहली मंजिल पर ऐसी जगह था कि बाहर से गोली नहीं चलाई जा सकती थी| पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही थी परंतु समझ नहीं पा रही थी कि परिवार के लोग हथियार क्यों नहीं दे रहे हैं| सुसाइड मोटिव भी क्लियर नहीं हो रहा था|
तमाम सवालों के जवाब की तलाश में पुलिस की इन्वेस्टिगेशन 17 वर्षीय छोटी बेटी तक पहुंची। पहली इंफॉर्मेशन मिली कि किसी करण राजौरिया नाम के लड़के से इसका अफेयर चल रहा है। बेटा रविदत्त दुबे को इसके बारे में जानकारी हो गई थी उन्होंने करण राजौरिया के साथ मारपीट भी की थी। पुलिस तेजी से एक्टिव हुई क्योंकि करण के पास हत्या करने का मोटिव भी था। पूछताछ में पता चला कि करण को हत्या के बारे में कोई जानकारी नहीं थी लेकिन यह भी पता चला कि रवि दत्त दुबे की छोटी बेटी ने करण से अपने पिता की हत्या करने के लिए कहा था परंतु करण ने साफ इंकार कर दिया था|
पुलिस ने लड़की की कॉल डिटेल निकाली तो एक और चौंकाने वाली जानकारी मिली। पिता द्वारा करन की पिटाई के बाद 23 जुलाई से वो लगातार पुष्पेन्द्र लोधी नाम के लड़के से बात कर रही थी| पुलिस ने राउंडअप किया तो सारी कहानी सामने आ गई| जब बॉयफ्रेंड ने हत्या करने से इंकार कर दिया तो लड़की ने उसके दोस्त को बातों के जाल में फंसाया| बताया कि इस मर्डर करने से बहुत सारा पैसा मिलेगा और वो खुद भी करण को छोड़कर उसकी उसकी गर्लफ्रेंड बन जाएगी, पिता की हत्या करवाने के बाद उसने पुष्पेन्द्र लोधी को सफलतापूर्वक फरार करवा दिया।