सीहोर घटना : अब BJP MLA नारायण त्रिपाठी ने CM को लिखा पत्र कहा, धार्मिक सरोकारों की बदौलत है भाजपा की सरकारें

भोपाल : मध्यप्रदेश के सतना के मैहर विधानसभा से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने एक बार मुख्यमंत्री शिवराज को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने सीहोर जिले में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा को बीच में रोके जाने के मामलें में नाराजगी जताते हुए सीहोर प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने पत्र में लिखा की – विगत दिनों प्रदेश के सीहोर में जो की आपका गृह जिला भी है, कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण व रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया गया था जिसमें कथा कार्यक्रम सात दिवस तक सुनिश्चित था, किन्तु प्रशासनिक असफलता के कारण इंदौर भोपाल रोड में लंबा जाम लगा, जिससे बिफरे प्रशासनिक अधिकारियों ने कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के साथ दुर्व्यवहार किया और अंततः दबाव बनाकर कथा समाप्ति की घोषणा करा दी। स्थानीय प्रशासन का यह कृत्य घोर निंदनीय है साथ ही आम जन की आस्था पर गहरी चोट है।
महोदय, देश प्रदेश में आज जहां जहां भी भाजपा की सरकारें है, इसी आस्था और धार्मिक सरोकारों की बदौलत है। कहीं न कहीं भाजपा सनातन की पैरोकार है, इसीलिए भाजपा से लोगों का लगाव है, लेकिन सीहोर में प्रशासनिक असफलता के कारण घटित इस घटना ने सरकार की साख पर बट्टा लगाने का कार्य किया है। किसी भी धार्मिक आयोजन में कितनी संख्या में धर्मावलंबी आयेंगे इसका पूर्वानुमान लगाया जाना संभव नहीं होता। लेकिन सीहोर जिला प्रशासन ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए आम जन की आस्था से खिलवाड़ किया है।
जो अक्षम्य अपराध है, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए घटना के लिए जिम्मेदार जिला प्रशासन पर कार्यवाही आवश्यक है। अतः आपसे आग्रह हैं कि जन भावनाओं का सम्मान करते हुए निकृष्ट जिला प्रशासन सीहोर पर अविलंब कठोर कार्यवाही सुनिश्चित कर एक संदेश देने का कार्य करें जिससे प्रदेश में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
क्या है मामला
दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज के गृह जिले सीहोर में कथा वाचक प्रदीप मिश्रा के साथ घटा घटनाक्रम सरकार के लिए सर दर्द हो गया है। हालही में यहां रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया गया था और इसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने की वजह से भोपाल इंदौर हाईवे पर 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। इसके चलते प्रशासनिक व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हो गई थी और अंततः कथा वाचक प्रदीप मिश्रा को अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था।
वहीं, कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा करते समय पंडित प्रदीप मिश्रा की आंखों में आंसू थे। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के दबाव के चलते वह कार्यक्रम समाप्त कर रहे हैं।
बता दे कि अब इस मामलें ने प्रदेश में तूल पकड़ ली है। भाजपा के कद्दावर नेता सीएम शिवराज को इस घटना से अवगत कराते हुए सीहोर प्रशासन के खिलाफ कार्यवाई की मांग कर रहें है।




