सभी खबरें

Scindia समर्थकों ने बिगाड़ा पार्टी का माहौल, होती है मेरी उपेक्षा….सांसद KP Yadav का छलका दर्द, लिखा JP Nadda को पत्र

भोपाल : कभी कांग्रेस में रहें दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया अब केंद्र में मंत्री बन चुके है, जबकि उनके कई समर्थक शिवराज कैबिनेट में मंत्री है तो कइयों को निगम मंडल में एडजस्ट किया गया है। शायद यहीं कारण है कि भाजपा के कई नेता अभी भी संघर्ष कर रहे है। इसी बीच गुना-शिवपुरी क्षेत्र के सांसद कृष्णपाल सिंह यादव का एक लेटर सार्वजनिक हुआ है, जिसके बाद पार्टी में बवाल मच गया है। 

दरअसल, सांसद कृष्णपाल सिंह यादव ने उपेक्षा और साइडलाइन करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से दर्द बयां किया है। 
उन्होंने नड्‌डा को चिट्‌ठी लिखी है, जिसमें बताया है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक पार्टी का माहौल बिगाड़ रहे हैं। उन्होंने सिंधिया समर्थक मंत्रियों पर गुटबाजी और भेदभाव करने का आरोप लगाया। 

उन्होंने लिखा कि सिंधिया समर्थक मंत्री पार्टी सिद्धांतों के विपरीत काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीनों जिलों के अधिकारी, कर्मचारी भी उपेक्षापूर्ण व्यवहार कर रहे हैं। बतौर सांसद, मेरी खुद की अध्यक्षता में होने वाली बैठक का भी सिंधिया समर्थक बायकॉट करते हैं। कार्यकर्ता परेशान होकर हताश और निराश हैं। इससे गुना, शिवपुरी और अशोकनगर जिलों के अतिरिक्त ग्वालियर चंबल संभाग में अच्छा मैसेज नहीं जा रहा।

कृष्णपाल सिंह यादव ने जेपी नड्डा को बताया कि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी स्थान नहीं दिया जाता। कई ऐसे काम होते हैं, जिन्हें उनके प्रयासों से मंजूरी मिली है। उन्हें कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाता। प्रोटोकॉल के अनुसार उद्घाटन, लोकार्पण कार्यक्रम की शिलापटि्टका पर भी जगह नहीं दी जा रही। यादव ने कहा कि सिंधिया समर्थकों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में मेरी और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। 

सांसद केपी यादव का लेटर सार्वजनिक होने के बाद पार्टी में गुटबाज़ी का आरोप लगा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस ने इसको बड़ा मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता केपी यादव के इस लेटर के सामने आने के बाद सिंधिया और उनके समर्थकों के घेराव में जुटे हुए है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button