सतना : हाइवे से जुड़ने वाली ग्रामीण सड़को पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश , सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

हाइवे से जुड़ने वाली ग्रामीण सड़को पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश-
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
———————-
सतना से सैफी खान की रिपोर्ट : – सतना कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। लोक निर्माण विभाग एवं एमआरडीसी के अधिकारियों द्वारा नेशनल/स्टेट हाइवे से जुड़ने वाली सड़को पर स्पीड ब्रेकर नही बनाए गए बल्कि नेशनल/स्टेट हाइवे सड़को पर स्पीड ब्रेकर बनाकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने पर नाराजगी कलेक्टर ने व्यक्त की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौतम सोलंकी, एआरटीओ संजय श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने एमपीजीएसवाई द्वारा बनाई गई सड़कें जो ग्रामों को जोड़ने वाली सभी सड़कों पर ब्लाग स्कॉट पर स्पीड ब्रेकर बनाने तथा सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दुर्घटनाओं की संभावनाओं के मद्देनजर कहा कि भविष्य में नेशनल/स्टेट हाइवे की सड़कों पर स्पीड ब्रेकर नहीं बनायें जाएं, बल्कि आवश्यक स्थानों पर प्लास्टिक के स्पीड ब्रेकर लगाएं जाएं। उन्होने बताया कि हाइवे राड़क पर स्थित स्कूलों का मुख्य द्वार/गेट सीधे सड़क पर नहीं खुले न ही हाइवे सड़क पर बस की पार्किंग की जाए। यदि ऐसी कोई स्कूल है जिसका मुख्य द्वार हाइवे पर खुलता है तो स्कूल प्रबंधन मुख्य द्वार/गेट का स्थान बदल दे। जिससे बच्चे सीधे हाइवे पर नहीं पहुंचे। उन्होने कहा कि स्कूलों की बसें स्कूल कैंपस के अंदर से ही बच्चों को बस में बैठाकर लाएं एवं वापस रवाना करें। कलेक्टर ने कहा कि मझगवां-चित्रकूट हाइवे पर बनाए गए स्पीड ब्रेकरों से दुर्घटना की संभावना रहती है। उन्होने इस रोड पर बनाए गए स्पीड ब्रेकरों को हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बिरला रोड पर संभावित दुर्घटना स्थलों पर प्लास्टिक के स्पीड ब्रेकर लगाने की स्वीकृति दी। उन्होने बिरला रोड पर यूसीएल चौराहे (नो पार्किंग) स्थल पर पार्क/खड़े किए जाने वाले ट्रकों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार कलेक्टर ने नगर के अन्य स्थलों पन्ना रोड, मैहर बाईपास आदि नो पार्किंग जोन में खड़े किए जाने वाले वाहनों के विरूद्ध कर्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।




