BJP में टिकटों को लेकर घमासान, अपने समर्थकों के नाम आगे बढ़ाने में जुटे विधायक-मंत्री-सांसद

भोपाल : नगर निगम में उम्मीदवारों के नाम को लेकर मंथन करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने देर शाम 15 नगर निगमों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा में टिकटों को लेकर घमासान शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि भाजपा की कोर ग्रुप और चुनाव समित की बैठक 11 और 12 जून को होगी। इस बैठक में कोर ग्रुप और चुनाव समिति के सदस्य बैठकर नगर निगम के मेयर पद के चेहरों के लिए नामों को अंतिम रूप देंगे।हालांकि, उससे पहले टिकटों के लिए भाजपा के प्रमुख नेता, सांसद और विधायकों ने अपनी पसंद पर जोर लगाना शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने समर्थक को चाहते हैं। सर्वे में खुशबू गुप्ता का नाम है। तोमर का समर्थन पूर्व मंत्री माया सिंह को है। सुमन शर्मा को भी सपोर्ट कर सकते हैं। सिंधिया की पसंद सामने नहीं आई है।
ऐसे ही इंदौर में भी टिकट को लेकर मारामारी का दौर चल रहा है। पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता दौड़ में है, पर मंत्री उषा ठाकुर विरोध कर रही हैं। जबकि, विधायक रमेश मेंदोला के लिए राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय लगे हुए हैं। उनकी काट के लिए विधायक मालिनी गौड़ सक्रिय हैं। वहीं, पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन नए चेहरे के पक्ष में है। ऐसे में संघ की पसंद पर नया चेहरा आ सकता है।
इधर, भोपाल में मालती राय का नाम सबसे मजबूत है। मंत्री विश्वास सारंग का समर्थन है, लेकिन तर्क है कि वे दो बार पार्षद का चुनाव हार चुकी हैं। ऐसा ही राजो मालवीय के साथ है। इसके अलावा विधायक कृष्णा गौर को टिकट देने के लिए एक गुट सक्रिय है। इससे गोविंदपुरा सीट खाली हो जाएगी। लेकिन, खबर है कि संगठन यहां नए चेहरे पर दांव खेल सकता है।