सभी खबरें

जन आशीर्वाद यात्रा : BJP के रंग में रंगे घोड़े को लेकर बवाल, पार्टी सांसद मेनका गांधी ने दर्ज करवाई शिकायत

इंदौर : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा में वैसे तो कई घोड़े शामिल थे, लेकिन एक घोड़ा आकर्षण का केन्द्र बना हुआ था। इस घोड़े को बीजेपी (BJP) के झंडे के रंग में रंग दिया गया था। उसके आगे के हिस्से को भगवा रंग से और पीछे के हिस्से को हरे रंग से पेंट किया गया था। पेट पर नीले रंग से कमल का फूल बना हुआ था। इसके अलावा घोड़े की पीठ पर बीजेपी भी लिखा हुआ था। 

बताया जा रहा है कि इंदौर के 3 नंबर विधानसभा क्षेत्र में ये घोड़ा यात्रा के साथ चल रहा था। इस विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय विधायक है। जानकारी के अनुसार उन्हीं के कट्टर समर्थक और पूर्व पार्षद रामदास गर्ग ने इस घोडे़ को बुलवाया था। 

वहीं, दूसरी तरफ इस घोड़े के फोटो वायरल होने के बाद भाजपा की ही सांसद मेनका गांधी की संस्था 'पीपल फॉर एनिमल्स' ने पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज करने के लिए पुलिस से शिकायत की है। सांसद मेनका गांधी ने चुनाव आयोग और इंदौर कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को लेकर गांधी प्रधानमंत्री ऑफिस (PMO) और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी शिकायत करेंगी। 

इधर, इस मामले को लेकर पशु प्रेमियों ने आपत्ति ली है। पशुओं के लिए काम कर रही संस्था पीपुल्स फॉर एनीमल (PFA) के स्थानीय प्रतिनिधियों ने इस पर कड़ी आपत्ति लेते हुए इसे पशु क्रूरता अधिनियम 1960 का उल्लंघन बताया। 'पीपल फॉर एनिमल्स' के सदस्यों का कहना है कि घोड़े को इस तरह रंगना पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 का उल्लंघन है। ऐसा करने वालों और यात्रा के आयोजकों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में चुनाव आयोग से भी शिकायत की जाएगी।

जबकि, संस्था की प्रियांशु जैन ने बताया कि इस मामले में संयोगितागंज थाने में लिखित शिकायत की है। प्रियांशु ने बताया कि BJP नेता रामदास गर्ग उस घोड़े को लेकर आए थे। घोड़े को जिस तरह से रंगा गया था, वह उसके लिए खतरनाक है। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज करने की मांग की गई है। 

उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान और पीएमओ को भी पत्र भेजा जा रहा है। चुनाव आयोग में भी शिकायत भेजी गई है। वहीं इंदौर के राऊ में भी 15 अगस्त के दिन एक घोड़े को तिरंगे रंग में रंगा गया था। उसकी शिकायत भी राऊ थाने के साथ ही पीएमओ को भेजी जाएगी। 

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घोड़े के मालिक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button