दुष्कर्म मामला : 6 माह से फरार चल रहा कांग्रेस विधायक पुत्र मक्सी से गिरफ्तार, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दी थी चेतावनी

भोपाल/खाईद जौहर : दुष्कर्म मामले में बीते 6 माह से फरार चल रहे उज्जैन के बड़नगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को सोमवार देर रात महिला थाना पुलिस ने देर रात मक्सी में गिरफ्तार कर लिया है। ये एमपी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि करण मोरवाल 6 माह से फरार चल रहा था, जिसके बाद कई बार उसपर पुलिस ने ईमान घोषित किया। बता दे कि करण पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इतना ही नहीं शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाकार उसे वांटेड घोषित कर दिया था।
मालूम हो कि पुलिस द्वारा कई बार उसे सरेंडर करने को भी कहा गया था, बावजूद इसके वह पेश नहीं हुआ है। बीते दिनों इंदौर पुलिस ने विधायक के छोटे बेटे शिवम को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने खुद विधायक को चेतावनी दी थी कि करण मोरवाल ने अगर 2 दिनों में सरेंडर नहीं किया तो ऐसी कार्रवाई करेंगे जो प्रदेश में नजीर बन जाएगी।
बहरहाल, अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। खबरों की मानें तो करण मोरवाल को इंदौर लाया जाएगा, जहां उससे इस मामले पर पूछताछ की जाएगी।




