President Election Result : आज आएंगे नतीजे, सुबह 11 बजे शुरू होगी वोटों की गिनती

नई दिल्ली : आज हर किसी की नजर राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे पर टिकी हुई है। भारत के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटों की गिनती गुरुवार को संसद भवन में सुबह 11 बजे शुरू होगी। कुल 31 केंद्रों पर हुए मतदान के बाद बैलेट बॉक्स दिल्ली पहुंच गए हैं। बैलेट बॉक्स 11 बजे खुलेंगे, जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी।
जहां एक तरफ एनडीए से द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार है, तो वहीं दूसरी तरफ यूपीए की तरफ से यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा गया है। बीते 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए वोट डाले गए थे। इस बार राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में 99 फीसदी से अधिक मतदान हुआ।
चुनाव जीतने के लिए दोनों उम्मीदवारों ने खूब जोर लगाया है। एक तरफ एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू गैर भाजपा शासित राज्यों में भी सरकार से मुलाकात कर समर्थन मांगा था, वहीं यूपीए उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने भी खूब मुलाकातें कीं।
बता दे कि मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद देश के नए राष्ट्रपति उनकी जगह लेंगे। इधर, देश के हर नागरिक को इस बात का इंतजार है कि देश का अगला राष्ट्रपति कौन बनेगा।