बजट पर सियासत:CM शिवराज ने की तारीफ, कमलनाथ ने बताया जुमला

भोपाल। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संपूर्ण केंद्रीय बजट पेश किया है। बजट में सरकार ने किसानों, हेल्थ सेक्टर और खासकर सैलरी क्लास को बड़ी राहत दी है। सत्ता पक्ष जहां इसे जनता के हित में बता रहा है, वहीं विपक्ष ने इस पर निशाना साधते हुए इसे जुमला बताया है।

मध्य प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने बजट की तारीफ करते हुए वित्त मंत्री को शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि PM मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली भारत के निर्माण का महायज्ञ चल रहा है। गरीब कल्याण संकल्प उसके लिए भी अनेकों कार्यक्रम चल रहे हैं। ये बजट देश को और आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

कमलनाथ ने बजट को बताया जुमला
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा कहा कि वित्त मंत्री का बजट भाषण सरकार के पुराने वादों पर जुमलो का पर्दा डालने का प्रयास नजर आया। हमें आशा थी कि वित्त मंत्री उन घोषणाओं पर प्रकाश डालेंगी, जो 2022 में पूरी होनी थी। 2022 में किसानों की आमदनी दुगनी होनी थी। 2022 में हर गरीब को आवास उपलब्ध होना था। 2022 में देश में बुलेट ट्रेन चलनी थी। लेकिन वित्त मंत्री ने इन घोषणाओं के पूरे ना होने की ना तो कोई वजह बताई और ना ही देश की जनता से माफी मांगी। स्पष्ट है कि सरकार भविष्य के खोखले सपने दिखाकर वर्तमान की जटिल परिस्थितियों से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। यह प्रवृत्ति देश और अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी नहीं है।

उधर कमलनाथ के जुमले बाले बयान के बाद प्रदेश के राज्य मंत्री OPS भदोरिया ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ आलोचना और विरोध करना जानती है। इतना सकारात्मक बजट आज तक कभी नहीं आया। कांग्रेस जब सत्ता में रही तब उसने किसानों के बारे में गरीब कल्याण के बारे में कुछ नहीं सोचा। कांग्रेस शासनकाल में किसान खस्ताहाल हो गया गया था, भुखमरी की स्तिथि में था। आज हमारी केंद्र और प्रदेश की सरकार कई हजार करोड़ रुपए किसानों के खातों में डालने का काम कर रही है। इसके बावजूद केंद्रीय बजट में इतना महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए करोड़ों रुपए का प्रावधान किसानों के लिए किया गया। बजट के जरिए देश के प्रधानमंत्री ने जो कदम उठाए हैं वह आने वाले वक्त में सकारात्मक रूप से नजर भी आएंगे। बजट अभूतपूर्व है, ऐतिहासिक है।

Exit mobile version