पेगासस एक ऐसा जासूसी सॉफ्टवेयर है जो बंद फ़ोन से भी ले लेगा आपकी अश्लील तस्वीरें – कांग्रेस नेता

मध्यप्रदेश/ग्वालियर : पेगासस जासूसी को लेकर देश सहित प्रदेश में बवाल मचा हुआ हैं। इस जासूसी सॉफ्टवेयर को लेकर विपक्ष लगातार सत्ताधारी दल पर हमलावर हैं। विपक्षी दल के कई दिग्गज नेताओं के बयान अब तक आ चुके हैं। इसी बीच अब ग्वालियर दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश का भी इस विषय में बड़ा बयान सामने आया हैं। उन्होंने इस जासूसी सॉफ्टवेयर को लेकर अजीब दलील दी हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश ने कहा कि सरकार ने जासूसी के लिए ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया है जो आपका फोन बंद होने और दूसरे कमरे में होने के बावजूद फोन का कैमरा ऑन कर देगा, आप नहा रहे होंगे तो आपकी अश्लील तस्वीरें भी ले लेगा। ये दलील देते हुए मोहन प्रकाश ने कहा कि मैं चुनाव आयोग से पूछना चाहता हूं कि जब बंद मोबाइल से इतना काम हो सकता है तो सॉफ्टवेयर के माध्यम से तो ईवीएम को क्यों हैक नहीं किया जा सकता। लोग कहते हैं हम वोट कहीं देते हैं, और वो चला किसी और पार्टी को जाता हैं। इसलिए मेरा आग्रह है कि चुनाव आयोग को अगले चुनाव मतपत्र से कराना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट को भी इसमें दखल देना चाहिए, राजनीतिक दलों को भी इस कड़ा निर्णय लेना चाहिए।
इसके अलावा जब मीडिया ने कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष तय होने में देरी को लेकर उनसे सवाल किया तो इस पर उन्होंने कहा कि अभी कोरोना काल था, हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वास्थ्य भी थोड़ा कमजोर है, इसलिए इस पर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं हैं। इसके बारे में पार्टी जल्दी निर्णय लेगी।




